राज्य कर विभाग व डीएम ने ब्लाक प्रमुख को प्रशस्ति पत्र व शील्ड भेंट कर किया सम्मानित
दया विनियर मूसेपुर के मालिक आलोक कटियार को व्यापारी कल्याण दिवस पर भामाशाह सम्मान से किया गया सम्मानित

पब्लिक की लहर (हिंदी दैनिक) लखीमपुर खीरी। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भामाशाह जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में बड़ी धूमधाम से मनाया गया।व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में भामाशाह सम्मान का कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया जिसमें सरकार को सबसे ज्यादा कर देने वाले कर दाता व्यापारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दया विनियर मूसेपुर के मालिक व ईसानगर ब्लॉक के ब्लाक प्रमुख आलोक कटियार उर्फ दीपू को व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर सरकार को सर्वाधिक कर जमा करने के उपलक्ष्य में राज्य कर विभाग व जिलाधिकारी खीरी अंजनी कुमार सिंह द्वारा भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया।ब्लाक प्रमुख को यह सम्मान मिलने की खबर क्षेत्र में फैलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।बताया जा रहा है कि राज्य के राजस्व में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए राज्य कर विभाग ने आलोक कटियार ‘दीपू’ को उनके दया विनियर संस्थान के द्वारा सर्वाधिक कर जमा करने के उपलक्ष्य में भामाशाह सम्मान से नवाजा गया है। सम्मान मिलने के बाद उन्हें बधाई देने वालों का उनके आवास और कार्यालय पर तांता लग गया। जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। इस अवसर पर आलोक कटियार ‘दीपू’ ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का है जिन्होंने उन पर विश्वास जताया और हमेशा सहयोग किया। उन्होंने कहा कि आगे भी सामाजिक विकास, जनसेवा और क्षेत्र की प्रगति के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। ब्लाक प्रमुख आलोक कटियार ने इस सम्मान के लिए राज्य कर विभाग व डीएम खीरी का आभार व्यक्त किया।



