सीडीओ की मौजूदगी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिली बड़ी सौगात, मानदेय 8 से बढ़कर 12 हजार रुपये
👉50 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां प्रशस्ति पत्र व पोषण पोटली से सम्मानित

पब्लिक की लहर बरेली, 08 सितंबर। विकास भवन सभागार में मंगलवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 4 हजार रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने का सीधा प्रसारण दिखाया गया। मानदेय बढ़ने की घोषणा होते ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई।मुख्य विकास अधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं के पोषण, स्वास्थ्य एवं देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का लगातार निर्वहन कर रही हैं। सरकार द्वारा मानदेय बढ़ाए जाने से उनके कार्य को प्रोत्साहन और सम्मान मिला है। इस अवसर पर 50 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र एवं पोषण पोटली देकर सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।



