उत्तर प्रदेशसुलतानपुर

आतंकियों को सपा देती है संरक्षण, भाजपा दिलाती है सजा : जेपी नड्डा

सुलतानपुर। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आतंकी हमलों के आरोपियों पर दर्ज मुकदमे वापस करने का पाप किया है। सूबे की कचहरियों के बम धमाकों सहित दिल्ली के पहाड़गंज,बनारस के संकटमोचन मंदिर, मुंबई लोकल ट्रेन, श्रमजीवी एक्सप्रेस और गोरखपुर ब्लास्ट,रामपुर और सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले जैसे मामले इस बात के प्रमाण हैं। जिन्हें जनता कतई माफ करने वाली नहीं हैं। यह बातें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सुल्तानपुर जिले के खुर्शीद क्लब मैदान में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

जेपी नड्डा ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा सपा राज में आतंकवादियों को छोड़ा जा रहा था।उन्होंने कहा 23 नवंबर 2007 को उत्तर प्रदेश की तीन कचहरियों में बम धमाके हुए।उसमें 15 लोग मारे गए थे।और दर्जनों लोग घायल हुए थे। इंडियन मुजाहिदीन ने इसकी जिम्मेदारी ली।बीजेपी सुप्रीमो ने कहा इन मामलों में जांच एजेंसियों ने एक आजमगढ़ के और एक जौनपुर के आरोपी को पकड़ कर उन पर कानूनी कार्यवाही की।लेकिन अखिलेश यादव ने 2012 में बतौर मुख्यमंत्री खालिद मुजाहिद व तारिक कासमी से केस वापस ले लिए।जिस पर उच्च न्यायालय ने सरकार को फटकार लगाई थी।

भाजपा अध्यक्ष ने शनिवार को पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में पहली चुनावी सभा को सम्बोधित किया। शहर के खुर्शीद क्लब मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह कुशभवनपुर की नगरी में किसी व्यक्ति नहीं बल्कि विचारधारा के लिए वोट मांगने आए हैं।उन्होंने विचारधारा का फर्क बताते हुए कहा कि 2014 में भाजपा सरकार के गठन के साथ देश राष्ट्रवाद की ओर आगे बढ़ा। सदियों के संघर्ष के बाद राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। कहा कि दूसरी तरफ सपा राज में आतंकवादियों को छोड़ा जा रहा था।

उन्होंने कहा मैं अखिलेश यादव पर आरोप लगाता हूं कि उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए आतंकवादियों को पनाह दी।जनसभा को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि आज जब चुनाव में सपा वाले वोट मांगने आएं तो उनसे जरूर पूछना कि आपकी ही सरकार ने राम भक्तों पर गोलियां क्यो चलाई। जेपी नड्डा ने भाजपा व गठबंधन प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि यहां एमएलए व एमपी जीतकर जाएंगे तो प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी को ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश की तस्वीर व तकदीर बदल रही है। आर्थिक दृष्टि से देश में सातवें नंबर पर रहा यूपी अब नंबर दो पर पहुंच चुका है और जल्द ही प्रदेश नंबर एक भी बनेगा।

उन्होंने अलग-अलग निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे को विकास की गंगा बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में 60 लाख नौकरियों की व्यवस्था की है। गरीब-वंचितों को उनका हक योगी सरकार में मिल रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनता से सीधा संवाद करते हुए कहा कि राशन मिल रहा। सम्मान निधि मिल रहा है। डबल इंजन की सरकार होने से विकास के नए पायदान खुले हैं। अखिलेश के जमाने में 200 दंगे हुए। योगी ने पांच वर्ष में एक भी दंगा नहीं होने दिया। यह हमारा ही देश था जहां पर तुष्टीकरण को लेकर तीन तलाक लागू था और मोदी जी ने एक झटके में तीन तलाक समाप्त कर मुस्लिम महिलाओं को आजाद किया।

उन्होंने कहा मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद और आजम खान क्यों जेल में है इसलिए जब कानून का राज है कोई माफिया हो या कोई भी हो जो गलत काम करेगा वह जेल जाएगा। इसके पूर्व काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियों की विस्तार से चर्चा की और सपा कांग्रेस पर हमला बोला। जिलाध्यक्ष आर.ए.वर्मा ने आए हुए सभी लोगों का धन्यवाद और आभार प्रकट किया। इसके पूर्व सुल्तानपुर भाजपा के प्रत्याशी विनोद सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह भेंट किया।वही भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के समक्ष चार बार निर्दलीय सभासद रहे समाजवादी पार्टी के जिला सचिव रमेश सिंह टिन्नू , माध्यमिक शिक्षक संघ पाण्डे गुट के जिला मंत्री व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अरविन्द सिंह व बसपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसपा के नेता वीरेंद्र शर्मा भाजपा में शामिल हुए।

जनसभा का संचालन जिला उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश जायसवाल व प्रवीन कुमार अग्रवाल ने किया। जनसभा में राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल,प्रदेश मंत्री शंकर गिरि, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष संतबख्श सिंह चुन्नू, काशी क्षेत्र महामंत्री सुशील त्रिपाठी, सदर प्रत्याशी राज बाबू उपाध्याय, इसौली से ओमप्रकाश पांडेय बजरंगी,लंभुआ से सीताराम वर्मा,किन्नर कल्याण बोर्ड उपाध्यक्ष सोनम किन्नर, एमएलसी शैलेंद्र सिंह, देवमणि द्विवेदी, सूर्यभान सिंह, गिरीश नारायण सिंह, करूणा शंकर द्विवेदी, ऋषिकेश ओझा, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पांडेय व जयनारायन तिवारी, बबिता जायसवाल, डॉ सीताशरण त्रिपाठी, जगजीत सिंह छंगू, जिला महामंत्री संदीप सिंह, विजय त्रिपाठी, घनश्याम चौहान व धर्मेंद्र कुमार, मीडिया संयोजक अरुण द्विवेदी सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button