उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन को मुख्यमंत्री योगी ने दिया ‘टीमवर्क’ का मंत्र

  • -चौबीस घंटे एक्टिव रहे पुलिस और प्रशासन, रामलीला के दौरान हो प्रभावी इंतज़ाम
  • -जन आस्था का करें सम्मान, अराजक तत्वों से सख्ती से निपटें: मुख्यमंत्री
  • -फुट पेट्रोलिंग बढ़ाए पुलिस, संवेदनशील घटनाओं पर वरिष्ठ अधिकारी खुद लीड करें : योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस और प्रशासन को टीमवर्क के साथ 24 घंटे मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि जन आस्था का सम्मान करें लेकिन अराजक तत्वों से सख्ती के साथ निपटें। मुख्यमंत्री योगी रविवार रात को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडल, जोन, रेंज, पुलिस कमिश्नरेट और जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को आगामी पर्व-त्योहारों में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के सम्बंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। योगी ने कहा कि सोमवार से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। इसी प्रकार, विजयादशमी, बाल्मीकि जयंती, बरावफ़ात, दीपावली और छठ आदि महत्वपूर्ण पर्व-त्योहार आगामी कुछ दिनों के भीतर हैं। यह समय संवेदनशील है। हमें 24×7 अलर्ट मोड में रहना होगा।

त्योहारों के बीच अनावश्यक बिजली कटौती न हो

उन्होंने कहा कि आगामी एक माह त्योहार की उमंग से परिपूर्ण होंगे। बाजारों में भीड़ होगी। ऐसे में पुलिस को फुट पेट्रोलिंग बढ़ानी होगी। महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। त्योहारों के बीच अनावश्यक बिजली कटौती न की जाए। तय रोस्टर के अनुसार गांव व शहर में बिजली आपूर्ति होनी चाहिए। प्रदेश स्तर पर, कमिश्नरी और रेंज स्तर पर कंट्रोल रूम एक्टिव किये जाएं। प्रदेश स्तर पर एडीजी कानून-व्यवस्था द्वारा निगरानी की जाए।

सार्वजनिक पार्कों में स्थापित हों मां दुर्गा की प्रतिमाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि के समय प्रदेश में परंपरागत रूप से 44 हजार से अधिक स्थलों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं रखी जाती रही हैं। इसके अतिरिक्त भी प्रतिमाओं की स्थापना होती है। पूजा समितियों से संवाद करें, प्रयास करें कि प्रतिमा की स्थापना सुरक्षित स्थान जैसे सार्वजनिक पार्क आदि में हो, ताकि सड़क पर सामान्य यातायात प्रभावित न हो। आस्था और जनभावना का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही प्रतिमा विसर्जन के समय पुलिस बल की तैनाती के लिए स्थानीय जरूरतों के मुताबिक रणनीति तैयार करें। विसर्जन के लिए समितियों से संवाद कर अस्थायी तालाब का निर्माण कराया जाना उचित होगा।

रामलीलाओं में सुरक्षा की विधिवत व्यवस्था हो

योगी ने कहा कि रामलीला हमारी प्राचीन संस्कृति का हिस्सा है। इसमें बड़ी संख्या में आम जन सहभाग करते हैं। देर रात तक रामलीला का मंचन चलता रहता है। ऐसे में सुरक्षा की विधिवत व्यवस्था होनी चाहिए। पेट्रिलिंग बढ़ाई जानी चाहिए। पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। शरारतपूर्ण बयान जारी करने वालों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कड़ाई से पेश आएं। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता की जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन का विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। ग्राम्य विकास व नगर विकास विभाग इन सम्बंध में जरूरी कार्यवाही सुनिश्चित करायें।

माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ जनपदों में कतिपय अप्रिय घटनाएं हुई हैं। इनके दोषियों को कठोरतम सजा हो, इसके लिए प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित किया जाए। फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम जल्द से जल्द न्याय हो। उन्होंने कहा कि ड्रग माफिया, गौ-तस्कर, शराब माफिया, खनन माफिया और भू-माफिया सहित अवैध गतिविधियों में संलिप्त सभी अराजक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। अंतरराज्यीय सीमा से लगे जिलों में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अवैध खनन की गतिविधियों की सूक्ष्मता से पड़ताल करें। अवैध खनन के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए अभियान शुरू किया जाना आवश्यक है।

खनन माफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो। इनकी संपत्ति जब्त की जाए। आगामी 10 दिन में प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी घटना को छोटा मानकर नजरअंदाज न करें। पुलिस बल को 24×7 अलर्ट मोड में रहना होगा। संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी लीड करें। मौके पर उपस्थित हों। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल हो।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button