उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

समाज हित में परिसर से बाहर निकलकर कार्य करें विश्वविद्यालय: आनंदीबेन पटेल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को आईआईटी रूड़की एल्युमनी एसोसिएशन के लखनऊ चैप्टर द्वारा आईआईटी रूड़की विश्वविद्यालय की स्थापना के 175 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘उल्लास ग्लोबल थोमसो 175’ समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों और शिक्षा केन्द्रों को अपने परिसर से बाहर निकलकर समाज हित में कार्य करना चाहिए। विश्वविद्यालय आंगनवाड़ी केन्द्रों, गांवों तथा प्राथमिक स्कूलों को गोद लेकर उन्हें सुविधा सम्पन्न बनाने, क्षयरोग से ग्रस्त बच्चों को गोद लेकर पोषण सामग्री तथा चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग देकर समाज के लोगों का कल्याण कर सकते हैं।

राज्यपाल ने शिक्षकों, छात्रों और शोधकर्ताओं से गांवों और पिछड़े क्षेत्रों में जाकर महिलाओं, बच्चों और वृद्धों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने, उनके समाधान और संसाधन वृद्धि में कारगर उपायों को सुझाने वाले कार्य करने का आह्वान किया।

आनंदीबेन पटेल ने कहा कि आईआईटी रूड़की विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों ने देश-विदेश में अपना सम्मानजनक स्थान बनाया है। देश आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। सभी को इस महोत्सव के उत्सव में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए काम करना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि युवा किसी भी देश और समाज में बदलाव के वाहक होते हैं। युवाओं के कौशल विकास को बढ़ाने में विश्वविद्यालय का एल्युमनी नेटवर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। किसी भी टेक्नोलॉजी की वास्तविक सफलता तब मानी जाती है, जब उससे समाज के सबसे पिछड़े और वंचित वर्ग के लोग भी लाभान्वित होते हैं।

समारोह में उपस्थित संस्थान के पुराने छात्रों को विशेष रूप से सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवाओं का कौशल विकास बढ़ाने में आपका एल्युमनी नेटवर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने एल्युमनी एसोसिएशन से जुड़े महानुभावों को देशहित में लक्ष्य तय करके योगदान देने के लिए कहा। विश्व में भारतीय प्रतिभाओं के उल्लेखनीय योगदान की चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि अन्य देशों को अपनी प्रतिभा का लाभ दे रहे हमारे भारतीय युवाओं को अपने देश के लिए भी कार्य करने पर विचार करना चाहिए।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने स्मारिका एवं आईआईटी रूड़की एल्युमनी एसोसिएशन के लखनऊ चैप्टर की वेबसाइट का विमोचन किया। इस अवसर पर एसोसिएशन की ओर से एक स्मृति चिह्न भेंट किया गया। राज्यपाल ने समारोह में लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी लखनऊ एवं आईआईटी रूड़की के पूर्व छात्र अभिषेक प्रकाश, आईआईटीआरएए के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) विश्वम्भर सिंह, यूपीपीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत्त ईएंडसी धर्मवीर जैन, यूनिसेफ से सेवानिवृत्त वाईडी माथुर, आईआईटीआरएए लखनऊ चैप्टर के अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय, आईआईटीआरएए लखनऊ चैप्टर के सचिव अजय श्रीवास्तव एवं विभिन्न प्रांतों से आये हुए अभियंतागण उपस्थित रहे।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button