देशबड़ी खबर

कुलगाम के अडूरा में आतंकियों ने सरपंच की गोली मारकर की हत्या, पुलवामा में सेना के साथ मुठभेड़ जारी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले से इस समय एक बड़ी खबर सामने आ रही है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यहां के अडूरा इलाके में आतंकियों ने सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी. एक अधिकारी ने बताया, ‘दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के अडूरा इलाके में रात करीब 8 बजकर 50 मिनट पर आतंकवादियों ने शब्बीर अहमद मीर को उनके घर के निकट गोली मार दीं.’ उन्होंने कहा कि मीर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मीर निर्दलीय सरपंच थे. अधिकारियों ने कहा कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है. बता दें कि जम्मू-कश्मीर में आतंकी लगातार इस तरह की घटना को अंजाम दे रहे हैं.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि कुलगाम के अडूरा इलाके में सरपंच शब्बीर अहमद मीर पर आतंकियों ने फायरिंग कर दी थी. बाद में सरपंच ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और इलाके में तलाशी जारी है. कश्मीर के आईजीपी विजय कुमार ने कहा कि मृतक सरपंच शब्बीर अहमद मीर को श्रीनगर के एक सुरक्षित होटल में आवास दिया गया था. वह बिना पुलिस को बताए होटल से निकल कर अपने घर पहुंच गया था.

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की हमले की निंदा

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कुलगाम में सरपंच शब्बीर अहमद मीर पर हुए आतंकी हमले की निंदा की. उन्होंने कहा, ‘हमारी पुलिस और सुरक्षा बल आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र को खत्म करने के लिए दृढ़ हैं.’

पुलवामा में आतंकियों और सुरक्षाबल के बीच मुठभेड़

उधर, पुलवामा जिले में शुक्रवार की शाम सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के चेवकलां में आतंकवादियों की उपस्थिति के संबंध में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों ने गोलियां चलायीं और सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई के साथ ही मुठभेड़ शुरू हो गई. अधिक जानकारी की प्रतिक्षा है.

बता दें कि इससे पहले श्रीनगर के खोनमोह इलाके में आतंकियों ने सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी थी. सरपंच की पहचान समीर भट के रूप में हुई थी. प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेसिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने जम्मू कश्मीर की राजधानी में हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भट को सुरक्षा मुहैया कराई गई थी और उन्हें श्रीनगर के एक होटल में ठहराया गया था, लेकिन बुधवार को वह बिना बताए बाहर निकले तभी शहर के बाहरी इलाके खानमोह में आतंकवादियों ने उन पर हमला किया. अधिकारियों ने बताया कि भट को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई.

सुरक्षाबलों ने कल लश्कर के दो आतंकियों को मार गिराया था

वहीं, गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादियों को मार गिराया था. इनके पास गोला-बारूद समेत आपत्‍त‍िजनक सामग्री बरामद की गई थी. पुलिस ने बताया कि पुलवामा जिले के नैना बातपोरा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में दोनों आतंकी मारे गए. इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद तलाशी अभ‍ियान शुरू किया गया था.

J&K में लगातार इस तरह की घटना को अंजाम दे रहे आतंकी

बता दें कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबल लगातार आतंकियों के सफाए में जुटे हुए हैं. अलग-अलग जगहों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं और आतंकियों को ढेर किया जा रहा है. इसी के चलते आतंकी बौखलाए हुए हैं और इस तरह के हमलों के जरिए अपनी साजिशों को अंजाम दे रहे हैं. इसी वजह से घाटी में आतंकियों की ये नापाक साजिश लगातार बढ़ती जा रही है.

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button