देशबड़ी खबर

दिल्ली-एनसीआर में आज भी बारिश के आसार, नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम में स्कूल बंद; जलभराव से लोग परेशान

दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिन से हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है। वहीं लोगों को जाम और जलभराव से भी जूझना पड़ा। अधिकांश इलाकों में देर शाम तक वाहन रेंगते नजर आए। शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में हल्‍की से मध्‍यम बारिश का अनुमान है। गुरुग्राम आपदा प्रबंधन विभाग ने आज लोगों को घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने की सलाह दी है। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम के कई स्कूल बारिश की वजह से बंद हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो-तीन बारिश के हालात बने रहेंगे। आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को बारिश के बारे में आगाह किया है।

अगले दो घंटे में यहां होगी बारिश

अगले दो घंटे में दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर हिस्सों में हल्‍की से मध्‍यम स्‍तर की बारिश होने के आसार हैं। विभाग ने अपने लेटेस्ट अपडेट में इसकी जानकारी दी है। विभाग के अनुसार, गाजियाबाद, नोएडा, गेटर नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर और बल्‍लभगढ़ में बारिश हो सकती है।

अगले तीन दिन तक बरसेंगे बदरा

मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिन तक बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और बारिश होगी। कुछ इलाकों में हल्की तो कुछ में तेज बारिश होने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश के चलते शुक्रवार, शनिवार और रविवार को जाम का सामना भी करना पड़ सकता है।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम में स्कूल बंद

बारिश की वजह से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आठवीं कक्षा तक के सभी सरकारी व निजी स्कूल आज बंद रहेंगे। फरीदाबाद और गुरुग्राम के भी कई स्कूलों में आज छुट्टी रहेगी। कुछ स्कूल ऑनलाइन क्लास लेंगे। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।

गुरुग्राम में वर्क फ्रॉम होम

ऑफिस आने वाले कर्मचारियों को थोड़ी राहत देते हुए, गुरुग्राम में अधिकारियों ने सभी कॉरपोरेट कंपनियों को कर्मचारियों को शुक्रवार को घर से काम करने की अनुमति देने की सलाह दी है। गुरुग्राम में, दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, सिग्नेचर टॉवर फ्लाईओवर और हीरो होंडा चौक पर भारी जलभराव और ट्रैफिक जाम की वजह से वाहन रेंगते हुए नजर आए। बारिश होने के बाद 1,000 से अधिक यातायात पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था।

दिल्‍ली, नोएडा, गुरुग्राम में रातभर हुई बारिश

दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर हिस्सों में रातभर काफी बारिश हुई। रुक-रुककर हो रही तेज बारिश ने तापमान को काफी कम कर दिया है। साथ ही ठंड का भी अहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। अगले दो घंटे में दिल्‍ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं।

बारिश की वजह से पेड़ उखड़े

दिल्ली नगर निगम को बारिश के कारण फतेहपुर बेरी, संगम विहार और टिकरी गांव में जलभराव की शिकायत मिली जबकि पेड़ उखड़ने की सात शिकायतें मिलीं। दिल्ली यातायात पुलिस की हेल्पलाइन पर यातायात जाम से जुड़े 23 कॉल आए, जलभराव से जुड़े सात और पेड़ उखड़ने के संबंध में दो कॉल आए। अधिकारियों ने बताया कि खजूरी चौक, गोयला डेयरी, यमुना ब्रिज, बाहरी रिंग रोड, पश्चिम विहार, रोहिणी सेक्टर-8, हनुमान मंदिर पूसा रोड, आजाद मार्केट, द्वारका फ्लाईओवर, धौला कुंआ से गुरुग्राम जाने वाले रास्ते पर यातायात जाम से जुड़े कॉल आए।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धौला कुंआ से गुरुग्राम जाने के रास्ते में और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में सत्य निकेतन के पास भारी यातायात जाम रहा। अधिकारी ने बताया कि सत्य निकेतन के पास सड़क धंसने के कारण चार में से महज दो लेन ही यातायात के काम आ रहे हैं। दिल्ली में मानसून की वापसी से ठीक पहले हुई ताजा बारिश से वर्षा में कमी (22 सितंबर की सुबह तक 46 फीसदी) को कुछ हद तक पूरा करने में मदद मिलेगी। इससे हवा भी साफ रहेगी और तापमान भी नियंत्रित रहेगा।

इन इलाकों में दिक्कत

बारिश के चलते किराड़ी, वजीराबाद, बुराड़ी स्थित कौशिक एन्क्लेव, संगम विहार, नेबसराय, आनंद पर्वत गली नंबर 10, मजलिस पार्क, जहांगीर पुरी, भलस्वा, शाहबाद डेरी आदि कॉलोनियों में जलभराव की समस्या रही।

सितंबर में 46 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई

भले ही गुरुवार को दिनभर बारिश होती रही लेकिन सितंबर में सामान्य से 46 फीसदी कम बारिश हुई है। सफदरजंग में जहां सामान्य तौर पर सितंबर में 108.5 एमएम बारिश होती है वहीं अब तक केवल 58.5 एमएम बारिश हुई है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button