देशबड़ी खबर

मप्र में भारत जोड़ो यात्रा का पांचवा दिन, राहुल गांधी ने की बुलेट की सवारी

भोपाल। भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश में पांचवें दिन राहुल गांधी अलग ही रंग में नजर आए। उन्होंने यात्रा के दौरान इंदौर के पास एबी रोड पर स्थित ग्राम राऊ में बुलेट बाइक की सवारी की। इस दौरान क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी उनके पीछे दौड़ते नजर आए।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में रविवार को पांचवां दिन है। यात्रा सुबह महू के दशहरा ग्राउंड से शुरू होकर सुबह करीब सवा सात बजे पिगडंबर ग्राम पहुंची। यहां राहुल ने दिव्यांग मनोहर को देखकर उन्हें अपने पास बुलाया। वे करीब 5 मिनट तक मनोहर की व्हीलचेयर खींचते हुए उनके साथ चले। इस दौरान उन्होंने मनोहर से चर्चा भी की। मनोहर ने राहुल गांधी से कहा कि अब देश बदलना चाहिए।

इसके बाद यात्रा आगे बढ़ते हुए करीब 9.45 बजे अपने पहले पड़ाव राऊ पहुंची। यहां राहुल गांधी ने सभी नेताओं के साथ मामा के ढाबे पर चाय पी। इसके बाद वे आगे बढ़े तो एक समर्थक ने उन्हें अपनी बुलेट चलाने को कहा, जिस पर राहुल गांधी ने हेलमेट पहना और कुछ दूर तक उस पर सवारी की। यहां शिव सिटी में रहने वाली मान्या राहुल से मिली और उन्हें टाफी दी। उन्होंने मान्या से पूछा की आप क्या बनना चाहती हो। यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, कांग्रेस नेता जयराम रमेश, मीनाक्षी नटराजन आदि शामिल हैं। यात्रा में आगे-पीछे करीब 300 मीटर तक भारी भीड़ साथ चल रही है।

यात्रा का राऊ में विश्राम है। अब यहां आराम के बाद यात्रा दोपहर 3.30 बजे फिर शुरू होगी और यहां से इंदौर जाएगी, वहां राजेंद्र नगर पुलिस थाने के सामने से होते हुए चाणक्य पुरी चौराहा, केसरबाग ब्रिज, चोइथराम मंडी चौराहा, माणिकबाग रोड, कलेक्टर चौराहा, हरसिद्धि मंदिर के पास से गांधी भवन होते हुए यात्रा राजबाड़ा पहुंचेगी, जहां राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा चिमनबाग मैदान पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम होगा।

राऊ में वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला, जीतू पटवारी और विशाल पटेल के साथ प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा के लोग घबरा रहे हैं, इसलिए उनके होर्डिंग निकाल रहे हैं। राहुल गांधी मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे, गिरिजाघर गये, यह संस्कृति के अंग हैं। वे अलग-अलग धर्मों के नुमाइंदों से मिल रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के गुजरात छोड़ने वाले सवाल पर उन्होंने उन नेताओं के नाम गिनाए जो अभी गुजरात में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में दो पार्टियों कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला है। तीसरी पार्टी जमीनी स्तर पर वहां नहीं है।

उन्होंने मीडिया के सवाल पर राजस्थान के घटनाक्रम को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत वरिष्ठ नेता हैं और सचिन पायलट ऊर्जावान हैं। कुछ मतभेद हैं, जिन्हें जल्द सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने राजस्थान में नेतृत्व बदलने के सवाल पर कहा कि व्यक्ति का कोई महत्व नहीं है, आते-जाते हैं। यहां उसे ही चुना जाएगा, जो कांग्रेस संगठन को मजबूत करेगा। जरूरत पड़ी तो कठोर निर्णय भी लिए जाएंगे।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button