ओपिनियनबड़ी खबर

लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा ने बनाई आक्रामक रणनीति

  • 100 दिनों में 400 पार का लक्ष्य किया निर्धारित!

मृत्युंजय दीक्षित


भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी ने, “अबकी बार भाजपा 370 पार व एनडीए 400 पार” का लक्ष्य लेकर आगामी 100 दिनों का एजेंडा भी बना लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के बजट सत्र के दौरान ही राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का उत्तर देते हुए, “अबकी बार चार सौ पार” की राजनैतिक भविष्यवाणी कर सभी पंडितों को चौंका दिया और कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी अकेले दम पर 370 पार जायेगी और एनडीए 400 पार जायेगा । इसके बाद से ही जो सर्वे कंपनियां राजनैतिक खेल दिखाना चाहती थीं उनके सपने ध्वस्त हो गए । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण व विकसित भारत की गारंटी के बीच अपना लक्ष्य निर्धारित कर लिया है और विरोधी दलों के ऊपर मनोवैज्ञानिक बढ़त बना ली है।

कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा व गृहमंत्री अमित शाह सहित उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो भाषण दिये हैं उससे भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल और दृढ़ हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में दस वर्षों की उपलब्धियों का वर्णन करते हुए कहा कि आजादी के बाद भारत के राजनैतिक इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि लोकसभा चुनावों के बाद उन्हें जून, जुलाई और सितंबर तक के लिए विदेश यात्रा के निमंत्रण मिल चुके हैं। आज संपूर्ण वैश्विक जगत में भी इस बात की प्रबल आशा है कि इस बार भारत में फिर मोदी सरकार ही बनने जा रही है। कार्यकारिणी में भाजपा ने अपना थीम सांग भी लांच कर दिया। आगामी लोकसभा चुनवों के लिए भाजपा ने मोदी की गारंटियों को जन -जन तक पहुंचाने के लिए पांच फिल्मों का भी निर्माण करवाया है यह फिल्में मोदी की गारंटी की गाथा दिखाएंगी।

भाजपा कार्यकारिणी में एक राजनैतिक प्रस्ताव रखा गया जिसमें अयोध्या में दिव्य एवं भव्य राम मंदिर सहित सनातन धर्म के गौरव का विस्तार से उल्लेख किए जाने के साथ ही साथ सरकार की प्रतिबद्धता जताते हुए जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का भी उल्लेख किया गया है। भाजपा ने एक पुस्तिका प्रकाशित करवायी है जिसमें रामजन्मभूमि मुक्ति के संघर्ष सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वह भाषण भी दिया गया है जो उन्होंने 22 जनवरी 2024 को प्रभु रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन दिया था। राजनैतिक प्रस्ताव में मोदी की गारंटी, विकसित भारत के संकल्प सहित किसान कल्याण, नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे मुद्दों सहित नए संसद भवन के निर्माण,अंतरिक्ष व अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में भारत की नई उड़ान का उल्लेख किया गया है।राजनैतिक प्रस्ताव में कोविड प्रबंधन सहित किसान आंदोलन के बीच किसानों के कल्याण के लिए चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की चर्चा की गई है।

वैसे भी जब से भारत को प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व मिला है तब से भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रियता का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं को जनता के बीच बने रहने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। वर्तमान समय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हो जाने के बाद पार्टी की तरफ से संपूर्ण भारत में नारी शक्ति का वंदन करने के लिए बड़ी संख्या में कार्यक्रमों व जनसभाओं का आयोजन किया जा रहा है जिसके अंतर्गत महिला कार्यकर्ताओं को ही मंच पर स्थान दिया जा रहा है और उनका वंदन किया जा रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के बाद पार्टी गांव परिक्रमा यात्रा निकाल रही है जिसे एक महीने में दो लाख गांवों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें प्रत्येक स्थान से 300 से अधिक किसानों को आमंत्रित किया जा रहा है और परिक्रमा के दौरान ग्राम देवता, ट्रैक्टर और हल का पूजन किया जा रहा है।

वास्तव में भाजपा ने रामलहर पर सवार 370 से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त करने का लक्ष्य रखा है जो वर्तमान समय में अधिक चूनौतीपूर्ण नहीं भी है और हो भी सकता है क्योंकि राजनैतिक विश्लेषक अभी भी दक्षिण को भाजपा के लिए एक बेहद जटिल मानकर चल रहे हैं और उनका मानना है कि दक्षिण भारत में भाजपा अभी भी प्रमुख दल नहीं है । कर्नाटक और तेलगंना के विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली पराजय भी यही संकेत देती है हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व पार्टी दक्षिण का किला जीतने के लिए भी कमर कस रही है। कार्यकारिणी में कर्नाटक तेलगांना सहित विभिन्न राज्यों की घटनाओं पर चर्चा की गई और दावा किया गया कि आगामी समय में कर्नाटक और तेलंगाना में भाजपा एक बार फिर जोरदार वापसी करेगी।

कार्यकारिणी में भाजपा ने विगत आम चुनावों में हारी हुई 161 सीटों पर चलाये गये विभिन्न अभियानों की समीक्षा की और जल्द ही स्वयं सहायता समूहों और गैरसरकारी संगठनों से संपर्क के लिए व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की है। अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने बताया कि इन सीटों पर जीत हासिल करने के लिए लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के अंतर्गत एक सीट पर केंद्रीय मंत्रियों ने औसतन तीन दिन बिताये हैं। ऐसे में पार्टी को पूरा भरोसा है कि इस बार इन सभी सीटों पर चमत्कारिक परिणाम सामने आयेंगे।

भाजपा की तैयारियां इतनी आक्रामक है कि इन हारी हुई सीटों पर विजय दिलाने उम्मीदवारों की तलाश भी लगातार की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी ने अपना लक्ष्य प्राप्त करने के लिए नाराज हुए नेताओं की घर वापसी का अभियान भी प्रारम्भ कर दिया है जिसके अंतर्गत कर्नाटक में विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा छोड़ कांग्रेस में गये जगदीश शेट्टर की वापसी हो चुकी है और अब कई अन्य राज्यों में यह अभियान गति पकड़ रहा है। कार्यकारिणी में एनडीए को मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया है साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए व बडे़ फैसलों के लिए पार्टीअध्यक्ष जे. पी. नड्डा को अधिकृत कर दिया गया है क्योंकि अब समय काफी कम बचा है।

कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अध्यक्ष जे. पी. नड्डा व गृहमंत्री अमित शाह सहित सभी वक्ताओं ने कांग्रेस सहित सभी परिवारवादी पार्टियों पर तीखा हमला बोला और उन्हें सनातन विरोधी बताया। नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमें सरकार बनाने के लिए ही नहीं अपितु राष्ट्र निर्माण के लिए फिर से सत्ता में आना है। कांग्रेस से देश को बचाना हर कार्यकर्ता का दायित्व है और इसके लिए हम सभी को अगले 100 दिनों तक नई ऊर्जा, उत्साह व जोश के साथ लगातार कार्य करना ही होगा। 2024 में नई सरकार आ जाने के बाद राष्ट्र निर्माण के कार्य में और अधिक गति आयेगी।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि हमें हर बूथ पर पिछली बार से 370 वोट अधिक प्राप्त करने के लिए अनवरत मेहनत करनी पड़ेगी और हर लाभार्थी तक पहुंचना ही होगा उससे संवाद करना ही होगा और मतदान के दिन उन्हें पोलिंग बूथ तक लाना भी होगा।कार्यकर्ताओे को यह संदेश भी दिया गया कि अब हमें आगामी हर नये मतदाता तक पहुंचना है और उन्हें विगत सरकारों के भ्रष्टाचार और घोटालों की जानकारी देने के साथ ही अपनी उपलब्धियां बताकर उनका दिल जीतना है।

प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहाकि अब घोटालों की नहीं उपलब्धियों की चर्चा होती है, देश पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था से अब तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है।युवाओं को इस बात की जानकारी दी जाये कि कितने अथक परिश्रम के बाद देश में यह सुखद वातावरण बना है।प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भाजपा युवाशक्ति, नारी शक्ति, गरीब और किसान की शक्ति को विकसित कर रही है।

कार्यकारिणी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन के अवसर पर जय श्रीराम के जयकारे लगे और पूरा वातावरण राममय हो गया। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नंरेद्र मोदी के नेतृत्व में देशवासी आज नये भारत के दर्शन कर रहे हैं। आज देश में हर नागरिक का सम्मान है। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम से जो यात्रा प्रारम्भ हुई है वह आज अयोध्या तक पहुंच चुकी है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम लला अपने भव्य मंदिर में पांच सदी के बाद पुनः विराजमान हो चुके हैं।हर राम भक्त ,हर सनातनी धर्मावलंबी इससे प्रफुल्लित है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मंदिर उसी स्थान पर बनाया गया है जहां निर्माण की सौगंध ली गई थी।

कार्यकारिणी में कार्यकर्ताओं को सलाह दी गई कि चुनाव से पहले ही विपक्ष हताश व निराश है। विपक्ष के पास सरकार व भाजपा के खिलाफ कोई मुददा नहीं है। ऐसे में विपक्ष की ओर से तथ्यहीन आरोपों की राजनीति तीव्र होगी किंतु हमें विपक्ष की किसी भी साजिश में नहीं फंसना है।

राजनैतिक प्रस्ताव में विकसित भारत, मोदी की गारंटी की बात कही गयी है तो मोदी सरकार के कार्यकाल को रामराज्य की परिकल्पना को जमीन पर उतारने वाला काल बताया गया। कार्यकारिणी में स्पष्ट कहा गया कि देश में आमूल-चूल बदलाव के कारण वातावरण हमारे पक्ष में है और अगर हम सभी लगातार कड़ी मेहनत करेंगे तो आगामी लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी 370 से अधिक सीटों का लक्ष्य प्राप्त कर लेगी।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button