उत्तराखंडबड़ी खबर

यमुनोत्री मार्ग पर बस गिरी, 26 लोगों की मौत, चार घायल, जांच के आदेश

  • प्रधानमंत्री और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने की अनुग्रह राशि की घोषणा
  • देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज चौहान सीधे पुलिस कंट्रोल रूम गए
  • घायलों की कुशल क्षेम पूछने के लिए मैक्स हॉस्पिटल भी जाएंगे चौहान

उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम से लौट रही श्रद्धालुओं की एक बस डायटा से दो किलोमीटर पहले अनियंत्रित होकर की गहरी खाई में गिर गई है। बस में मध्य प्रदेश के 28 यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में 26 श्रद्धालुओं की मौत हुई है। हादसे में चार लोग घायल हैं। मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस के कर्मी बचाव अभियान में लगे हैं। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर रवाना हो गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहाने ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने हादसे में मरने वालों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों का पचास हजार रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही मध्य प्रदेश सरकार ने भी मृतकों के परिजनाें को पांच लाख और घायलो को पचास हजार रुपये के मुआवजा देने की घोषणा की है।

रविवार देर सायं यमुनोत्री धाम से लौट रही श्रद्धालुओं की एक बस उत्तराकाशी जिले में डामटा से नौगांव के बीच रिखाऊँ खड्ड के पास अचानक खाई में जा गिरी। घटना की खबर मिलते ही एम्बुलेंस, बडकोट, एम्बुलेंस नौगांव एम्बुलेंस नैनबाग मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बस में सभी श्रद्धालु मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के बताए जा रहे हैं। एसडीआरएफ टीम मौके पर है। बस में 28 श्रद्धालुओं के अलावा चालक और परिचालक सवार थे। हादसे में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में चार लोग घायल हैं। इनकी पहचान उदय सिंह, अमिराजा, राजकुमार और हीरा सिंह के रूप में हुई है। घायल उदय सिंह के अनुसार बस में 28 यात्री थे। बस चालक गंगोलीहार पिथौरागढ़ निवासी हीरा सिंह भी घायल है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने डॉक्टर्स एवं एम्बुलेंस को घटनास्थल पर रवाना किया। साथ ही पीएचसी डामटा एवं सीएचसी नौगांव में घायलों के उपचार करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश सीएमओ को दिए। जिलाधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे और वाहन दुर्घटना और राहत व बचाव कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन को तेजी से राहत व बचाव कार्य करने के निर्देश दिये गए हैं।

धामी ने कहा कि अब तक 26 लोगों की मौत की खबर आई है। सभी राहत और बचाव कार्य किए जा रहे हैं। डीएम और एसपी को मौके पर भेजा गया है। गृहमंत्री ने एनडीआरएफ की टीम मौके पर भेजी है। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था के निर्देश देने के साथ साथ ही घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं परिजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। घटना के संबंध में उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने बताया है कि मध्य प्रदेश के पन्ना ज़िले से 28 तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक बस उत्तरकाशी ज़िले के डमटा के पास खाई में गिर गई है।

प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मुआवजा की घोषणा की

उत्तरकाशी जिले में एक बस खाई में गिरने से मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं की मौत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है।  प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘उत्तराखंड में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं अपनी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव सहायता में जुटा है। इसी बीच पीएमओ ने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारों के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

देहरादून पहुंचे शिवराज, धामी संग करेंगे दुर्घटनास्थल का दौरा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ उत्तरकाशी जिले में स्थित घटनास्थल का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान देहरादून पहुंच गए हैं और वे सीधे पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट किया, ‘ मैं देहरादून पहुंच गया हूं और चारधाम की तीर्थयात्रा पर यमुनोत्री धाम जा रही बस दुघर्टना के लिए चलाए जा रहे बचाव अभियान की जानकारी लेने हेतु सीधे पुलिस कंट्रोल रूम जा रहा हूं। उसके बाद घायलों की कुशल क्षेम पूछने के लिए मैं मैक्स हॉस्पिटल जाऊंगा।’ मेरे साथ मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, डीजीपी, गृह सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारियों का दल भी है। जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनाें को एक लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। इससे पहले मध्यप्रदेश सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को पांच लाख और घायलों को पचास हजार और केन्द्र ने भी प्रधानमंत्री कोष से मृतकों के परिजनों को को दो-दो लाख और घायलों को पचास हजार रुपये देने की घोषणा की है। इसी बीच उत्तरकाशी पुलिस की मीडिया सेल ने बताया कि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामटा के पास हुई बस दुर्घटना में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। जिलाधिकारी उत्तरकाशी, अभिषेक रुहेला एवं एसपी उत्तरकाशी अर्पण यदुवंशी स्वयं मौके पर हैं।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button