उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

अब कोई माफिया किसी का अपहरण नहीं कर सकता : योगी आदित्यनाथ

  • वाराणसी में मुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजनों से किया संवाद
  • बोले—काशी को स्मार्ट सिटी से आगे अब वर्ल्ड क्लास सिटी बनाना है

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी में विजय पर किसी को संदेह नहीं है। लोकसभा, विधानसभा से लेकर हर चुनाव में काशीवासियों का सहयोग सदैव मिला है। मगर इस बार हमारा लक्ष्य पूर्ण बहुमत का बोर्ड बनाने पर है। मुख्यमंत्री शनिवार को पिपलानी कटरा स्थित एक पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में प्रबुद्ध वर्ग से संवाद कर रहे थे। नगर निकाय चुनाव में भाजपा के महापौर और पार्षद पद के उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने आए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन के साथ पूर्ण बहुमत के ट्रिपल इंजन की ताकत से अब काशी को स्मार्ट सिटी से भी आगे बढ़कर वर्ल्ड क्लास सिटी बनाना है।

उन्होंने कहा कि दुनिया के हर सनातनी की यह चाहत है कि काशी वैश्विक मंच पर नई आभा बिखेरे। मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि आज कोई अपराधी और माफिया सीना तानकर नहीं चल सकता। कोई माफिया किसी नंद किशोर रूंगटा का अपहरण करने का दु:साहस नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की इस पावन धरा पर मां गंगा की कृपा से परिपूर्ण प्रबुद्धजनों के बीच मैं अपने आप को पाकर हमेशा गौरवान्वित होता हूं। आप सब से संवाद के लिए किसी ना किसी बहाने मेरा काशी आना होता है। पिछले 6 साल के दौरान मेरी सर्वाधिक यात्रा काशी की हुई है। काशी की यात्रा इसलिए महत्वपूर्ण होती है क्योंकि ये भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में दुनियाभर के सनातनियों को अपनी ओर आकर्षित करती है। बीते 9 साल में प्रधानमंत्री ने काशी को कर्म साधना स्थली बनाकर इसे नये कलेवर और काया के साथ वैश्विक मंच पर नई पहचान दी है। अभी हाल ही में काशी में दुनिया के बीस बड़े देशों का जी-20 सम्मेलन आयोजित हुआ।

— तेजी से हो रहा है काशी का विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी में अब तीन गुना या चार गुना नहीं बल्कि कई गुना ज्यादा तेजी से विकास हो रहा है। सड़कों का चौड़ीकरण हो रहा है। शहर को चारों तरफ से फोर लेन की कनेक्टिविटी दी जा रही है। कैंट से गोदौलिया तक रोपवे बन रहा है, जिससे एक दिन में एक लाख लोग आ जा सकते हैं। काशी की चौड़ी और चमकती हुई सड़कें, स्वच्छता, टीएफसी, कन्वेंशन सेंटर, कैंसर संस्थान के रूप में विकास स्पष्ट दिखाई देता है। मुझे बताया गया कि यहां कैंसर संस्था में अबतक 21 हजार कैंसर मरीजों का उपचार किया जा चुका है। मैंने खुद मुख्यमंत्री राहत कोष से 72 करोड़ रुपए कैंसर रोगियों के लिए प्रदान किये हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने किसी भी योजना में बिना जाति, मत, मजबह देखे सबको लाभ दिया है। प्रधानमंत्री के मिशन को विजन मानकर तुष्टिकरण नहीं सशक्तिकरण पर ध्यान दिया। तुष्टिकरण ने यूपी का बेड़ा गर्क करके रख दिया था। आज यूपी में दंगे नहीं हो रहे, व्यापारियों से रंगदारी नहीं वसूली जाती।

—काशी बेहतरीन परिणाम देने जा रही

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनाव आम जनता की बुनियादी आवश्यकताओं को लेकर हो रहा है। सफाई, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए वाटर टैक्स, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाण पत्र निर्गत प्रक्रिया को कैसे सरल कर सकते हैं, कैसे इन व्यवस्थाओं को आनलाइन कर सकते हैं। ट्रैफिक मैनेजमेंट को कैसे सुधार सकते हैं, ये चुनाव इसपर आधारित है। हमें अच्छी चमकती स्ट्रीट लाइट से लेकर पार्किंग, कन्वेंशन सेंटर जैसी जरूरतों को निकाय चुनाव तय करता है। एक सांसद और विधायक पैसा भेज सकता है, मगर जमीनी धरातल पर कार्य बोर्ड ही तय करता है। मेरा विश्वास है कि वही बोर्ड सबसे ज्यादा काम करेगा, जिसके साथ पहले से डबल इंजन की तकत जुड़ी हो। काशी में 25 से 30 लाख लोग निवास कर रहे हैं। तीन इंजन एक साथ मिलकर चलते दिखेंगे तो जनता की हर आवश्यकता पूरी होगी।

संवाद में भाजपा के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, मंत्री जयवीर सिंह, अनिल राजभर, रविन्द्र जायसवाल, डॉ दयाशंकर मिश्र दयालू, पूर्व मंत्री और शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी , जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर पद के प्रत्याशी अशोक तिवारी मौजूद रहे।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button