उत्तर प्रदेशबड़ी खबरवाराणसी

वाराणसी में उप राष्ट्रपति नायडू का भव्य स्वागत, गंगा आरती में हुए शामिल

वाराणसी। उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू अपने परिवार के साथ दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम वाराणसी पहुंचे। अयोध्या से प्रेसिडेंशियल ट्रेन उप राष्ट्रपति को लेकर कैंट स्टेशन स्थित प्लेटफार्म नंबर चार पर आई। स्टेशन पर महापौर मृदुला जायसवाल, राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश, मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने उप राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया।

कैंट से विशेष ट्रेन जब बनारस रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उप राष्ट्रपति की अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने की। यहां कलाकारों ने भरतनाट्यम, अयोध्या रामरथ फरवारी नृत्य, गाजीपुर का धोबिया नृत्य, बुंदेलखंड का राई लोकनृत्य प्रस्तुत कर उप राष्ट्रपति का पारम्परिक ढंग से स्वागत किया। स्टेशन से उनका काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से दशाश्वमेध घाट पहुंचा। उप राष्ट्रपति गंगा सेवा निधि की विश्व प्रसिद्ध सायंकालीन गंगा आरती में शामिल होने के लिए सीढ़ियों पर बिछाये रेड कारपेट और फूलों के वंदनवार से होकर मंच पर पहुंचे। पूरे आरती स्थल को गेंदे, खुशबूदार फूलों और रंग-बिरंगी बत्तियों से सजाया गया। घाट पर सात अर्चकों के साथ विशेष गंगा आरती शुरू हुई।

उप राष्ट्रपति नायडू गंगा पूजन के बाद पत्नी के साथ गंगा की महाआरती की अद्भुत और विहंगम छटा देख भाव विभोर नजर आये। गंगा आरती देखने के बाद उप राष्ट्रपति बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार को वह श्रीकाशी विश्वनाथ, कालभैरव के दरबार में माथा टेकेंगे। इसके बाद वह चंदौली पड़ाव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल जाएंगे। स्मृति स्थल में उप राष्ट्रपति नायडू दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर आधारित थ्रीडी फिल्म देखने के साथ ही संग्रहालय को देखेंगे। इसके बाद वह बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आएंगे और वापस दिल्ली लौट जाएंगे।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button