उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

लखनऊ के होटल लेवाना में लगी आग, मरने वालों की संख्‍या 4 हुई

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ के लग्‍जरी होटल लेवाना सूईट में आग लग गई। आग में कई लोगों के झुलसने और 4 लोगों की मौत की सूचना है। इनमें से एक पुरुष और एक महिला को अस्‍पताल पहुंचने के बाद मृत घोषित किया गया। जबकि दो अन्‍य लोगों के शव एक कमरे में पाए गए। आग से झुलसे 8 लोगों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया हैै।

यह होटल हजरतगंज इलाके में हैं। आग लगने के बाद धुएं के गुब्‍बार के बीच कई लोग घंटों होटल में फंसे रहे। मौके पर पहुंचे फायर ब्र‍िगेड ने लोगों को होटल से बाहर निकालने और आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्‍कत की। होटल के कमरों की खिड़कियों के शीशों को तोड़कर लोगों को निकाला गया। आशंका है कि शार्ट सर्किट की वजह से यह आग लगी। बताया जा रहा है कि जिस फ्लोर पर आग लगी उस पर 30 कमरे हैं। उनमें से 18 रूम बुक थे। हादसे के वक्‍त वहां 40 से 45 लोग रहे होंगे।

होटल में रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन अब भी चल रहा है। कटर से शीशे काटे जा रहे है। होटल से निकाले जा रहे सभी लोगों को एम्‍बुलेंस से अस्‍पताल भेजा जा रहा है। बताया जा रहा है कि सुबह 6 बजे के करीब होटल में धुंआ निकलता दिखा। अलार्म बजने पर लोगों को इसकी जानकारी हुई।

आग, होटल की तीसरी मंजिल पर लगी और देखते ही देखते पूरे होटल में फैल गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की करीब 20 गाड़ियां पहुंचीं। फायर ब्र‍िगेड के जवान खिड़कियों से होटल में घुसकर लोगों को बाहर निकालने की कोशिश में जुट गए। आग पर काबू पाने के लिए भी लगातार कई घंटे तक फायर ब्र‍िगेड के जवान जूझते रहे। होटल से निकालकर अब तक 8 लोगों को अस्‍पताल पहुंचाया गया है।

पूरी तरह पैक है होटल, शीशे काटने के लिए मंगाई गई मशीन

होटल लेवाना सूईट पूरी तरह से पैक था। होटल के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़ना ही एकमात्र विकल्‍प था। ऐसे में खिड़कियों के शीशे काटने के लिए मशीन मंगाई गई। इसके बाद भी खिड़कियों के ऊपर लगे लोहे को काटने में काफी वक्‍त लग रहा था। तब जेसीबी मशीन मंगाकर होटल की एक दीवार को तोड़ दिया गया ताकि रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन के लिए जवान अंदर जा सकें।

धुएं के गुब्‍बार के बीच चलाया जा रहा रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन

होटल में धुएं के गुब्‍बार के बीच फायर ब्रिगेड अपना रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन चलाता रहा। धुएं की वजह से फायर ब्रिगेड के लोगों को भी काफी दिक्‍कत हो रही थी। होटल से बाहर निकलते धुएं के गुब्‍बार से लग रहा था कि अंदर आग विकराल रूप ले चुकी है। अंदर फंसे लोगों और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के ऑक्‍सीजन सिलेंडर और मास्‍क भी मंगाए गए।

मौके पर पहुंचे डीएम और सभी बड़े अफसर 

होटल लेवाना सूईट में आग लगने की सूचना पर लखनऊ के डीएम समेत प्रशासन और पुलिस के सभी बड़े अफसर मौके पर पहुंच गए।

रस्‍सी में बांधकर उतारे गए लोग

फायर ब्रिगेड ने होटल में फंसे कुछ लोगों को रस्‍सी में बांधकर सीढ़ी के सहारे होटल की दूसरी और तीसरी मंजिल से बाहर निकाला गया। इस काम में फायर ब्र‍िगेड को काफी मशक्‍कत का सामना करना पड़ा। होटल पूरी तरह से पैक होने के चलते सिर्फ खिड़कियों के रास्‍ते ही अंदर घुसा जा सकता था। लेकिन खिड़कियों के बाहर लगे लोहे काटकर और शीशों को तोड़कर अंदर घुसना काफी मुश्किल भरा काम साबित हो रहा था।

धुआं देख भागे कुछ लोग

सुबह धुआं उठता देख होटल के अंदर मौजूद कुछ लोग बाहर की ओर खुद ही भागे। कुछ कर्मचारी भी मौके से भाग गए। इसके बाद कुछ लोगों को फायर ब्रिगेड के पहुंचने के बाद निकाला गया। होटल के अंदर से निकले एक गेस्‍ट ने बताया कि उन्‍होंने अचानक धुआं निकलता देखा तो वह भाग कर बाहर आ गए। उन्‍होंने कहा कि अंदर कई लोग मौजूद हैं। एक कर्मचारी ने आशंका जताई  कि आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी होगी।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button