उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

स्वीडन और कनाडा जैसे देशों से उप्र में आएगा बड़ा निवेश, टीम योगी को मिले कई प्रस्ताव

  • यूपी में फिल्म सिटी, रिटेल, टूरिज्म, वेस्ट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में होगा निवेश
  • स्वीडिश बिजनेस कम्युनिटी की ओर से मिले कई प्रस्ताव, कनाडा की कंपनियां भी निवेश को बेताब
  • अमेरिका, सिंगापुर में भी निवेशकों से हुई चर्चा, कई कंपनियां यूपी में निवेश को तैयार

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में निवेश के रास्ते आसान कर दिए हैं। दुनियाभर के निवेशक इसका लाभ उठाने को बेताब हैं। विभिन्न देशों में रोड शो और वन टू वन बिजनेस मीटिंग कर रही टीम योगी जब बड़े बिजनेस लीडर्स से मुलाकात करती है तो वो सहर्ष ही उत्तर प्रदेश में निवेश को तैयार हो जा रहे हैं।

राज्य सरकार के एक प्रवक्ता का दावा है कि इसका उदाहरण स्वीडन है, जहां से टीम योगी को 15 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। स्वीडन की कंपनियां उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी, रिटेल, टूरिज्म, वेस्ट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में निवेश करने को तैयार हैं। वहीं कनाडा के वैंकूवर से भी टीम योगी को 1200 करोड़ रुपए के 6 एमओयू प्राप्त हुए हैं जिससे 600 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। अमेरिका और सिंगापुर जैसे देशों में भी टीम योगी की निवेशकों से व्यापक चर्चा हुई है जिसके बाद कई कंपनियां यूपी में निवेश को लेकर इच्छुक हैं।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी की मंशा के अनुरूप प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का निश्चय किया है। इसके लिए फरवरी 2023 में राजधानी लखनऊ में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाना है जिसमें 10 लाख करोड़ रुपए के निवेश का लक्ष्य तय किया गया है। इसकी पूर्ति के लिए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में सूबे के मंत्रियों और अधिकारियों की टीमें विभिन्न देशों में बड़े बिजनेस लीडर्स से निवेश को लेकर चर्चा कर रही हैं।

स्वीडन में बेहद सफल रहा टीम योगी का रोड शो

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी और लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद की अध्यक्षता वाला प्रतिनिधिमंडल बुधवार को स्टॉकहोम में रोड शो के दौरान स्वीडिश बिजनेस कम्युनिटी से मिला। इस अवसर पर विभिन्न बिजनेस टू बिजनेस (बीटूबी) और गवर्नमेंट टू गवर्नमेंट (जीटूजी) में डिफेंस, टेक्सटाइल व गारमेंट्स, फूड प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल व ईवी, रीन्यूएबल एनर्जी, वेस्ट एवं वाटर मैनेजमेंट और ट्रांसपोर्टेशन जैसे क्षेत्रों में निवेश को लेकर चर्चा की गई। अपर मुख्य सचिव (खेल एवं युवा मामले) नवनीत सहगल व उत्तर प्रदेश सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदेश की मजबूती के साथ ही स्वीडिश बिजनेस कम्युनिटी को रेड कॉर्पेट और समर्पित निवेश सुविधाओं के प्रति आश्वस्त किया।

नोएडा में रिटेल स्टोर खोलने जा रही आइकिया के ग्लोबल एक्सटेंशन हेड जेन क्रिस्टिनसन और पब्लिक अफेयर मैनेजर जेन क्रेलिना ने यूपी में अपने रिटेल स्टोर्स की श्रंखला के विस्तार और लग्जरी मॉल्स के लिए 4300 करोड़ रुपए के निवेश का इरादा जताया। प्रतिनिधिमंडल ने स्टॉकहोम में आइकिया गैलेरियन का भी दौरा किया। इसी तरह, स्वीडिश निर्माण कंपनी सेरनेक ने यूपी में फिल्म सिटी प्रोजेक्ट में 10 हजार करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया। वहीं, बोसोन एनर्जी ने वेस्ट एनर्जी प्रोजेक्ट के लिए एक हजार करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया तो पर्यटन से जुड़े करीब 40 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव भी मिले।

वैंकूवर में छह एमओयू पर हुए हस्ताक्षर

कनाडा के वैंकूवर में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह की अगुवाई में उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल को निवेश के कई प्रस्ताव मिले हैं। प्रतिनिधिमंडल ने यहां बिजनेस कम्युनिटी के साथ 6 निवेश प्रस्ताव (एमओयू) साइन किए जिनकी कुल कॉस्ट 1200 करोड़ रुपए है। यह निवेश प्रस्ताव आईटी पार्क, एल्यूमिनियम व किचेन सप्लाई की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स, होटल्स आदि से जुड़े हैं। इन निवेश प्रस्तावों से 600 से ज्यादा लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। प्रतिनिधिमंडल ने ब्रिटिश कोलंबिया के स्पीकर राज चौहान से भी मिला और प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर बातचीत की।

अमेरिका से भी मिले निवेश के प्रस्ताव

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह की अगुवाई वाला प्रतिनिधिमंडल अमेरिका में कई बड़े बिजनेस लीडर्स से मिला। न्यूयॉर्क में उनकी मुलाकात बिज2क्रेडिट के को-फाउंडर रोहित अरोड़ा से हुई जिन्होंने भारत में 500 मिलियन डॉलर का निवेश कर रखा है। उनसे प्रदेश में बिजनेस एक्सपैंशन को लेकर चर्चा की गई। इसी तरह प्रतिनिधिमंडल इनबेव के ग्लोबल वाइस प्रेसीडेंट रेगुलेटरी और पब्लिक अफेयर्स आंद्रियस पेनेट से भी मिला और बातचीत के बाद यहां यूपी में निवेश को लेकर एमओयू भी साइन किया गया। वहीं, आईक्रिएट के फाउंडर पराग अमीन से मुलाकात के दौरान यूपी में फोस्टर स्टार्टअप के विकास को लेकर एक एमओयू हुआ। ई कुबेर वेंचर्स के को-फाउंडर और एमडी अजय श्रीवास्तव के साथ डिफेंस, ड्रोन्स और स्टार्टअप में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

सिंगापुर को डिफेंस, ईवी, बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश का ऑफर

उधर, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर में बिजनेस मीटिंग की। प्रतिनिधिमंडल विडा टेक्नोलॉजी के एमडी से मिला और उत्तर प्रदेश में ओईएम, ओडीएम टेक्नोल़ॉजी में निवेश के विभिन्न माध्यमों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने विडा टेक्नोलॉजी के एमडी को आश्वासन दिया कि प्लांट लगाने के लिए भूमि प्राथमिकता के आधार पर प्रदान की जाएगी और यह भी आश्वस्त किया कि सभी हैंडहोल्डिंग सहमतियां भी प्रदान की जाएंगी। प्रतिनिधिमंडल यहां सिंगापुर इंडियन चौंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन नील पारेख और कुछ अन्य लीडिंग इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों से भी मिला।

इस अवसर पर उनके साथ डिफेंस, ईवी, बैंकिंग व फाइनेंस, एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर एवं आईटी व संबंधित उद्योगों में सिंगापुर को निवेश की संभावनाओं से परिचित कराया गया और निवेश का आग्रह किया गया। एशिया की बड़ी अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर कंसल्टिंग फर्म सुर्बना जुरोंग के सीईओ हरी पुलोंगसुंदरम के उनके मुख्यालय में मुलाकात की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट सिटी और हाउसिंग डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में निवेश जुटाने के लिए राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में व्यापक चर्चा हुई। टीम योगी ने उन्हें उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए अपने क्लाइंट बेस को जुटाने और प्रोत्साहित करने के लिए भी जोर दिया।

अर्जेंटीना और जापान के निवेशकों के साथ हुई सार्थक चर्चा

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अर्जेंटीना में आयोजित रोड शो के दौरान प्रदेश में निवेश और साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए अर्जेंटीना के सरकारी और निजी प्रतिनिधियों का आह्वान किया। उन्होंने निवेश पर सार्थक चर्चा कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आमंत्रित किया। इस अवसर पर अर्जेंटीना के खाद्य उत्पादों की प्रतिष्ठित लैटिन अमेरिकी कंपनी एरकोर, आईटी सेक्टर की ग्लोबैंट व कृषि से जुड़ी क्रेसुड के प्रतिनिधियों से उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए सार्थक चर्चा हुई।

दूसरी तरफ, जापान की राजधानी टोक्यो में तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल और पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने एचएमआई होटल ग्रुप और ओरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रेसीडेंट पद्मश्री हीरा युको के साथ डिनर पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने ईजो कॉर्पाेरेशन जापान हेल्थकेयर और एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट की बड़ी मैन्युफैक्चरिंग साइट कानाजावा का भी दौरा किया।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button