उत्तर प्रदेशबड़ी खबरवाराणसी

ज्ञानवापी मस्जिद: जुमे पर जुटी नमाजियों की भीड़, अलर्ट पर प्रशासन

ज्ञानवापी मस्जिद मामले में आज शाम सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने वाली है। इस बीच आज जुमा पर ज्ञानवापी में नमाजियों की भीड़ जुटी। प्रशासन भी अलर्ट पर रहा। प्रशासन ने ज्ञानवापी मस्जिद की इंतेजामिया कमेटी से जुमे के दिन शांतिपूर्वक नमाज अदा कराने में सहयोग की अपील की है। इसके साथ ही ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्‍यवस्‍था बढ़ा दी गई है।

ज्ञानवापी प्रकरण में गुरुवार को कोर्ट में सर्वे रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद जिले में हाई अलर्ट है। जुमे की नमाज को लेकर कड़ी चौकसी बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि इंतेजामिया कमेटी की अपील पर नमाजी घर से ही वजू करके आए लेकिन उनकी संख्‍या काफी अधिक रही।

ग्रामीण इलाकों में भी चौकसी

कल वाराणसी कमिश्नरेट के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस अधिकारियों ने शांति समितियों की बैठकों में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। साथ ही, कई क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के लिए 24 घंटे के लिए पुलिस व पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। जिले भर में थानावार देर शाम तक शांति समिति की बैठकें चलती रहीं। इसमें धर्म गुरुओं, प्रबुद्ध जनों से क्षेत्र में सद्भाव कायम रखने के लिए अपील की गई। किसी के भ्रामक बात या अफवाह फैलाने या अशांति की आशंका पर तत्काल पुलिस को सूचित करने को कहा गया। लक्सा में भी व्यापारियों के साथ पुलिस अफसरों की बैठक हुई।

प्रशासन ने इंतेजामिया कमेटी से की अपील

जिला प्रशासन ने ज्ञानवापी मस्जिद की इंतेजामिया कमेटी से जुमे के दिन शांतिपूर्वक नमाज अदा कराने में सहयोग की अपील की है। आगाह किया है कि कोई भी व्यक्ति सील और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने का कतई प्रयास न करे। इसके पूर्व चेतगंज स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में कमिश्नर दीपक अग्रवाल, एडीजी राम कुमार, सीपी ए सतीश गणेश, डीएम कौशलराज शर्मा ने अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी के पदाधिकारियों संग बैठक की। डीएम कौशलराज शर्मा ने गुरुवार को अंजुमन इंतजामिया मसाजिद के अध्यक्ष मौलाना अब्दुल बाकी, सचिव अब्दुल बातिन नोमानी और संयुक्त सचिव मो. यासीन को पत्र भेजा।

बुनकर तंजीम के सरदारों से अपील

डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने आदमपुर थाना में बुनकर समाज के सरदारों के साथ ही बैठक में जुमे की नमाज पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। कहा कि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाए तो पुलिस को अवगत कराएं। नफरत व द्वेष फैलाने वाली अफवाहों से बचें। हिदायत दी कि कोई भी लाउड स्पीकर का प्रयोग तेज ध्वनि में नहीं करेगा।

पैदल गश्त में जनता से संवाद

डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम, एसीपी दशाश्वेध अवधेश पांडेय ने दशाश्वमेध, चौक पुलिस के साथ मदनपुरा, सर्राफा मार्केट, जंगमबाड़ी, गदौलिया, बांसफाटक आदि क्षेत्रों में पैदल गश्त किया। जनता के साथ संवाद करते हुए मित्र पुलिस का संदेश भी दिया गया। लोहता थाना परिसर में गुरुवार शाम धर्म गुरुओं और व्यापारियों के साथ थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बैठक की। कहा कि किसी तरह की अफवाह फैला कर माहौल को खराब करने के प्रयास पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में हैदर महतो, अकबर महतो, मैनुद्दीन अंसारी, शहनवाज खां, इमरान अंसारी, किसान सिंह, सुनील मिश्र, अशोक मिश्र आदि उपस्थित थे।

सील क्षेत्र की कड़ी निगरानी

ज्ञानवापी मस्जिद के परिसर के आंगन में सील किये गये 33 गुणे 33 फुट के कृत्रिम स्थल की निगरानी, उसकी सुरक्षा और सील क्षेत्र के नजदीक कोई न जाने पाये, इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। चूंकि जुमे के दिन ज्ञानवापी परिसर में अधिक नमाजी पहुंचेंगे, ऐसे में यहां सील किये गये क्षेत्र की सुरक्षा के लिए कोर्ट के आदेश पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। कोर्ट ने इसके लिए पुलिस कमिश्नर और सीआरपीएफ कमांडेंट को आदेशित किया है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button