खेल-खिलाड़ी

PAK vs AUS: पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को किया बेदम, पहली पारी में बनाए 476 रन, दोहरे शतक से चूके अजहर अली

24 साल के इंतजार के बाद पहली बार अपनी जमीन पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच खेल रही पाकिस्तानी टीम ने जबरदस्त शुरुआत की है. रावलपिंडी टेस्ट के दूसरे दिन पाकिस्तान ने अजहर अली और इमाम उल हक के बड़े शतकों के दम पर पहली पारी चार विकेट पर 476 रन पर घोषित की. पूर्व पाकिस्तानी कप्तान अजहर अली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना चौथा टेस्ट शतक लगाया, लेकिन वह अपना दोहरा शतक पूरा नहीं कर सके. अली ने 185 रनों की जबरदस्त पारी खेली और दोहरा शतक बनाने से चूक गये.

शनिवार 5 मार्च को मैच के दूसरे दिन पाकिस्तान ने अजहर अली और इमाम की जबरदस्त पारियों के बाद आखिरी सेशन में पारी घोषित की लेकिन खराब रोशनी के कारण ऑस्ट्रेलियाई पारी का सिर्फ एक ओवर डाला जा सका. ऑस्ट्रेलिया ने बिना किसी नुकसान के पांच रन बनाये थे. पाकिस्तान में पहली बार मैच खेल रहे पाकिस्तानी मूल के ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा पांच रन पर खेल रहे हैं जबकि डेविड वॉर्नर को अभी खाता खोलना है.

अजहर का 19वां शतक

पिंडी क्रिकेट स्टेडियम में दूसरे दिन पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी एक विकेट पर 245 रन से आगे बढ़ायी. पहले दिन नाबाद लौटे इमाम उल हक ने 157 रन बनाये और अजहर के साथ दूसरे विकेट के लिये 208 रन की साझेदारी की. वहीं अजहर ने 64 रन से आगे अपनी पारी बढाते हुए अपना शतक पूरा किया. अजहर ने 257 गेंदों पर अपने करियर का 19वां शतक पूरा किया. अजहर ने कप्तान बाबर आजम (36) के साथ भी 101 रन की साझेदारी की. जब वह अपने दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे थे, तभी पार्ट टाइम स्पिनर मार्नस लाबुशेन ने उनका विकेट हासिल कर अजहर और हजारों पाकिस्तानी फैंस का दिल तोड़ दिया. उन्होंने अपनी पारी में कुल 361 गेंदें खेली तथा 15 चौके और तीन छक्के लगाये. मोहम्मद रिजवान 29 और इफ्तिखार अहमद 13 रन बनाकर नाबाद रहे.

विकेट के लिए तरसी नंबर एक टीम

विश्व की नंबर एक टेस्ट टीम ऑस्ट्रेलिया को एक-एक विकेट के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा. विश्व के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस के नेतृत्व में पेस अटैक ज्यादा दबाव नहीं डाल सका. ऑस्ट्रेलिया ने 8 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और 162 ओवर की गेंदबाजी की, लेकिन सिर्फ 4 विकेट हासिल कर सके, जिसमें से एक रन आउट था. कप्तान कमिंस सबसे किफायती और सबसे असरदार साबित हुए, जिन्होंने 28 ओवरों में 5 मेडन डाले और 62 रन देकर इमाम उल हक का विकेट हासिल किया.

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button