खेल-खिलाड़ी

चतुर्थ चन्द्रशेखर हाॅफ मैराथन की ट्राफी सेना के जवान अजय कुमार ने जीती

बलिया । पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की स्मृति में मंगलवार को आयोजित चतुर्थ चंद्रशेखर हाफ मैराथन की ट्राफी शामली के रहने वाले अजय कुमार ने अपने नाम कर ली। जबकि वाराणसी के आकाश पटेल दूसरे और पश्चिम बंगाल के संतोष यादव तीसरे स्थान पर रहे। पचखोरा से शुरू हुई 21 किलोमीटर की हाॅफ मैराथन प्रतियोगिता का शुभारम्भ राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू व एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव पीके श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर किया।

चेस्ट नम्बर 487 के धावक अजय कुमार ने प्रारम्भ से ही बढ़त बनाई तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। आखिर तक कोई दूसरा धावक अजय कुमार से आगे नहीं निकल सका। अंततः अजय ने एक लाख पुरस्कार राशि की ट्राफी अपने नाम कर लिया। वाराणसी के आकाश पटेल और पश्चिम बंगाल के संतोष यादव भी अजय के पीछे एक के बाद एक दौड़ते रहे और दूसरे व तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। कुल 22 खिलाड़ियों को मैराथन के समापन पर गंगा बहुद्देशीय सभागार में समारोहपूर्वक पुरस्कृत किया गया। राज्यसभा सांसद नीरज शेखर और पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने प्रथम विजेता और बाकी बीस खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

सेना के जाट रेजिमेंट का जवान है प्रथम विजेता अजय

चन्द्रशेखर हाॅफ मैराथन में पहला स्थान पाए अजय कुमार सेना का जवान है और जाट रेजिमेंट में तैनात है। प्रतियोगिता की शुरुआत से ही अजय ने बढ़त बनाई और उसे विजेता बनने तक बनाए रखा। पूरे रास्ते सड़क पर दोनों तरफ इकट्ठा हुए लोग प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने में लगे हुए थे। बहादुर अजय की स्टैमिना और हौसले की हर कोई तारीफ करता दिखा। वहीं मैराथन में दौड़ रहे सबसे बुजुर्ग धावक 70 वर्षीय चंद्रभान सिंह भी आकर्षण का केंद्र रहे।

समापन समारोह में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने सभी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस मैराथन समिति का आभारी हूँ, जिनके सहयोग से इतना बड़ा आयोजन हो रहा है। इस प्रतियोगिता का और व्यापक रूप हो, यह प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय स्तर की बन सके, इसके लिए एथलेटिक्स एसोसिएशन के हर निर्देश का पालन यह राष्ट्रनायक चंद्रशेखर मैराथन समिति करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस आयोजन की हर कमियों को दूर कर और बेहतर बनाया जाएगा। इसमें हर स्तर से मेरा सहयोग होगा।

विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने चन्द्रशेखर मैराथन को प्रदेश के खेल कैलेंडर में सम्मिलित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महान पदयात्री पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर की गरिमा के अनुरूप इस मैराथन का आयोजन किया जाएगा। एथलेटिक्स उत्तर प्रदेश एसोसिएशन के सचिव पीके श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रतियोगिता को और बड़ा आयाम दिया जा सकता है। इसमें एसोसिएशन की ओर से पूरा सहयोग होगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, पूर्व प्रमुख अनिल सिंह, ज्ञानकुंज एकेडमी के प्रबंधक देवेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे। मैराथन समिति ने मशहूर रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी और सैंड आर्टिस्ट रूपेश सिंह को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। राष्ट्रनायक मैराथन समिति के सचिव उपेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों और वहां मौजूद लोगों के प्रति आभार जताया। संचालन प्रदीप यादव ने किया। अध्यक्षता स्वतंत्रता सेनानी रामविचार पांडेय ने किया।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button