ताज़ा ख़बरदेश

पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद

पूरे देश में मंगलवार को ईद का त्योहार पारंपरिक हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और आपसी भाईचारा बने रहने की दुआ की तथा बाद में एक-दूसरे से गले मिल कर ईद की मुबारकबाद दी।राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं तथा विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और अन्य लोगों ने ईद के मौके पर लोगों को बधाई दी।

राष्ट्रीय राजधानी की जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद, लखनऊ के ईदगाह तथा पूरे देश भर में मस्जिदों में आज सुबह मुसलमान भाइयों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद छोटे-बड़े सब लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। जगह-जगह सुरक्षा बलों के जवान भी तैनात किये गये थे। कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए लोग एहतियात भी बरत रहे थे तथा कोरोना दिशा-निर्देशों का पालन भी कर रहे थे। विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी काेरोना नियमों का पालन करते हुए ईद मनायी गयी।

श्री कोविंद ने ईद-उल-फित्र के अवसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस मुबारक मौके पर हम सब मानवता की सेवा तथा जरूरतमंदों का जीवन संवारने का संकल्प लें। उन्होंने ट्वीट कर कहा,“ सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाइयों-बहनों को ईद मुबारक! रमज़ान के पवित्र महीने के बाद मनाया जाने वाला यह त्योहार समाज में भाईचारे तथा सद्भावना को मजबूत करने का पावन अवसर है। आइए, इस पवित्र अवसर पर, हम सब, स्वयं को मानवता की सेवा तथा जरूरतमंदों के जीवन को संवारने का संकल्प लें।”

श्री नायडू ने मुसलमानों के पवित्र त्योहार ईद उल फित्र के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनायें दीं और लोगों के जीवन में सौहार्द, शांति तथा सद्भावना की कामना की है। उन्होंने कहा, “ मुझे आशा है कि यह त्योहार उदारता की भावना को सुदृढ़ करेगा और लोगों को एक-दूसरे के करीब लाएगा तथा उनको मित्रता, भाईचारे, प्रेम और आपसी सम्मान के सूत्र से जोड़ेगा। मैं कामना करता हूं कि ईद-उल-फित्र के इस त्योहार से जुड़े पवित्र एवं महान आदर्शों से हमारे जीवन में शांति, सौहार्द और उल्लास आएगा। ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद-उल-फित्र की शुभकामना दी हैं और लोगों में भाईचारा और एकता की भावना के विस्तार की कामना की है।

इस समय यूरोप की यात्रा कर रहे श्री मोदी ने ट्विटर पर ईद के बधाई संदेश में कहा,“ ईद-उल-फित्र की शुभकामना। मैं कामना करता हूं कि इस पवित्र अवसर पर हमारे समाज में एकता और भाईचारे की भावना बढ़े। लोग स्वस्थ और समृद्ध रहें।”कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को मंगलवार को ईद की शुभकामनाएं दी। ईद पर मुबारकबाद देते हुए उन्होंने कहा, “ ईद मुबारक! उम्मीद है यह पावन पर्व प्रेम की भावना का संचार करेगा और हम सबमें परस्पर भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करेगा। मीठी ईद।”

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और ताजनगरी आगरा समेत समूचे प्रदेश में ईद का त्योहार हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लाखों लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और आपसी भाईचारा बने रहने की दुआ की और एक दूसरे को गले मिल कर ईद की मुबारकबाद दी।लखनऊ में टीले वाली मस्जिद और ईदगाह समेत दो दर्जन से ज्यादा इबादतगाहों पर ईद की नमाज अदा की गयी। ईदगाह में उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे और लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। यहां पर मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने नमाज अदा कराई। इस दौरान सुरक्षा के खास इंतजाम किये गये थे।

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी लोगों को ईद की बधाई दी। श्री यादव ने मौलाना फज़लुल मन्नान और डॉक्टर कल्बे सिब्तैन नूरी से मिलकर उन्हे ईद की मुबारकबाद दी। इसके अलावा वह सज्जाद बाग स्थित मोहम्मद एबाद के घर पहुंचे और उन्हे ईद की मुबारकबाद दी।आगरा में ताजमहल की शाही मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। इस मौके पर ताज परिसर में दो घंटे के लिये प्रवेश निशुल्क था। करीब दो साल बाद यहां ईद की नमाज के लिये इतनी बड़ी संख्या में लाेग एकत्र हुये थे। इस अद्भुत पल को कैमरे में कैद करने वालों में विदेशी सैलानियों की संख्या अधिक रही।

इसके अलावा अलीगढ, वाराणसी, प्रयागराज, बुलंदशहर, मेरठ, सहारनपुर और बरेली समेत ज्यादातर इलाके ईद के मुबारक मौके पर गुलजार रहे। राज्य के अधिसंख्य जिलों में इस बार तयशुदा स्थानों पर ईद की नमाज अदा की गयी। सूत्रों के अनुसार प्रदेश में 7436 ईदगाहों और 19949 मस्जिदों समेत 31 हजार 151 स्थानो पर ईद की नमाज अदा की गयी। इस दौरान अतिसंवेदनशील 2846 नमाज स्थलों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किये गये थे। ईद को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिये 46 कंपनी पीएसी और सात कंपनी सीएपीएफ के अलावा स्थानीय पुलिस के जवान मुस्तैद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद की मुबारकबाद देते हुये कहा कि ईद का त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का सन्देश लेकर आता है। खुशियों का यह त्योहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। इस मौके पर सभी को सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए। प्रतापगढ़ में सुबह होते ही गाँव के लोग नमाज के लिए नहाकर नये-नये लिबास पहन कर ईदगाह और मस्जिदों के लिए निकल पड़े।

इसी क्रम में नगर के भूलियापुर स्थित ईद गाह में भारी संख्या में रोजेदारों ने ईद की नमाज अदा की, इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन बंसल और पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल भी भूलियापुर ईदगाह पहुंच कर रोजेदारों से गले मिले और ईद की मुबारकबाद दी। दुआ के बाद सलातो-सलाम पढ़ा गया। नमाज के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गये थे। पूर्व मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने प्रदेशवासियों को ईद उल फित्र के अवसर पर अपनी शुभकामनायें दी हैं। उन्होंने भी ट्वीट कर कहा, “समस्त देशवासियों व ख़ासकर मुस्लिम भाई-बहनों को ईद उल फित्र त्योहार की दिली मुबारकबाद और शुभकामनाएँ।”

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार ने राज्य के लोगों को ईद-उल-फित्र की बधाई दी।श्री ठाकरे ने अपने संदेश में कहा, “ यह एक ऐसा त्योहार है जो करुणा और परोपकार के महत्व को समझाता है। सामाजिक प्रतिबद्धता का संदेश देने वाला यह पर्व सभी के जीवन में खुशी, संतोष और समृद्धि लाए।” श्री पवार ने कहा, “ईद-उल-फित्र सभी के जीवन में खुशी, समृद्धि, उत्साह और अच्छा स्वास्थ्य लाता है। यह समाज में एकता, समानता और भाईचारे की भावना को बढ़ाता है।”

उन्होंने कहा,“ ईद के अवसर पर, आइए वंचित भाइयों की मदद करें और उनके जीवन में खुशियाँ लाएं। आइए इस वर्ष की ईद को एकता, खुशी और उत्साह के साथ मनाएं। दुनिया को मानव कल्याण और विश्व भाईचारे का संदेश दें। ”प्रेम और भाईचारे का प्रतीक पर्व ईद राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण मध्यप्रदेश में परंपरागत हर्ष और उल्लास के साथ मनायी गयी। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने इस अवसर पर विशेष नमाज पढ़कर अमन और शांति के लिए भी प्रार्थना की। भोपाल में ईदगाह हिल्स स्थित ईदगाह में हजारों मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईद की विशेष नमाज अदा की। इसके बाद सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई और शुभकामनाएं दीं। शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों में भी विशेष नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले लगाया।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने नागरिकों को ईद की बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। श्री पटेल ने अपने संदेश में लिखा, “ अमन और भाईचारे के त्योहार ईद उल फित्र पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ”श्री चौहान ने अपने संदेश में कहा, “ आप सभी को ईद उल फित्र की हार्दिक बधाई। आज के पावन अवसर पर यही कामना कि आप सभी के जीवन में खुशहाली और समृद्धि आए। प्रदेश में शांति, सौहार्द और भाईचारा बढ़े।”

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी नागरिकों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि भारत की अनेकता में एकता ही हमारे देश की शक्ति है। हम सब एक हैं।इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, उज्जैन, खंडवा और अन्य जिलों से भी ईद का पर्व शांति और परंपरागत तरीके से मनाए जाने की खबरें मिली हैं। दूसरी ओर हाल में हिंसा की घटनाएं देखने वाले खरगोन जिले में भी पुलिस के सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच ईद का पर्व मनाया गया।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button