देशबड़ी खबर

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, वहीं एक बार कोरोना की चपेट में आई सोनिया गांधी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 76वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगी। यह संबोधन शाम 7 बजे से अखिल भारतीय रेडियो (AIR) के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी में और उसके बाद अंग्रेजी संस्करण में प्रसारित किया जाएगा। दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों द्वारा क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारण किया जाएगा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। बता दें द्रौपदी मुर्मू पिछले महीने राष्ट्रपति चुनी गई थीं।

उधर,  कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एक बार फिर कोरोना वायरस संक्रमित हो गई हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को ट्वीट करके यह जानकारी दी और कहा कि 75 वर्षीय सोनिया गांधी ने कोविड संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए खुद को पृथकवास में कर लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पृथकवास में रहेंगी।”

बीजेपी आज का दिन ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के तौर पर मनाएगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को घोषणा की कि 14 अगस्त को लोगों के संघर्षों एवं बलिदान की याद में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। पीएम मोदी के इस निर्णय का भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने स्वागत किया है और उनको धन्यवाद दिया है। साथ ही साथ उन्होंने विभाजन की गलती दोहरायी न जाने को लेकर इतिहास से सीख लेने की भी सलाह दी है।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल हुईं PM मोदी की मां हीराबेन, बच्चों संग फहराया तिरंगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बा ने गांधीनगर स्थित अपने आवास पर शनिवार को बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज बांटे और हर घर तिरंगा अभियान में शामिल हुईं। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने गांधीनगर में ‘चिल्ड्रेन्स यूनिवर्सिटी’ में सौ फुट ऊंचे ध्वज स्तंभ पर विशाल तिरंगा फहरा कर आजादी के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की।

देश की आन, बान, शान, मान और सम्मान पर नहीं आने दी जायेगी आंचः राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देशवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा है कि चाहे किसी भी हद तक जाना पड़े भारत की आन, बान, शान, मान और सम्मान पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। सिंह शनिवार को जोधपुर जिले के सालवा कलां में साहस, शौर्य और स्वामीभक्ति के प्रतीक वीर दुर्गादास राठौड़ की प्रतिमा का अनावरण के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बहुत सारे लोग गलतफहमी पैदा करने की कोशिश करते हैं और कह रहे है कि चीन ने यह कर दिया, वह कर दिया, कैसे होती है सीमाओं की सुरक्षा।

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों से लौटे भारतीय दल से की मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों में 61 पदक जीतकर लौटे भारतीय दल का अभिनंदन करते हुए शनिवार को कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत से एक प्रेरणादायक उपलब्धि के साथ देश आजादी के अमृत काल में प्रवेश कर रहा है प्रधानमंत्री मोदी ने अपने निवास स्थान पर भारतीय दल की मेजबानी की। भारतीय खिलाड़ियों ने बर्मिघम खेलों में 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य समेत 61 पदक जीते।

जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला कोरोना पॉजिटिव

नेशनल कांफ्रेंस(नेकां) प्रमुख एवं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री कोरोना फारूक अब्दुल्ला संक्रमित हो गए है। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। पार्टी के नेता ने बताया कि 85 वर्षीय नेकां प्रमुख कोरोना संक्रमित हो गए हैं। अब्दुल्ला बीते साल अप्रैल महीने में कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए थे। उन्हें बेहतर देखभाल के लिए डॉक्टरों की सलाह पर कुछ दिनों के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पक्षियों के विमानों से टक्कर को लेकर DGCA सख्त, जारी किए ये गाइडलाइन

देशभर में हवाईअड्डों पर पक्षियों और अन्य जीवों के विमानों से टकराने की घटनाएं रोकने के लिए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने शनिवार को दिशानिर्देश जारी कर नियमित गश्त और किसी भी तरह की वन्यजीव गतिविधि पर पायलटों को सूचना देने को कहा। डीजीसीए ने शनिवार को जारी अपने परिपत्र में कहा कि सभी हवाईअड्डा संचालकों से कमियों का पता लगाने के लिए उनके वन्यजीव जोखिम प्रबंधन कार्यक्रम की समीक्षा करने का अनुरोध किया गया है। किसी भी हवाईअड्डे में और उसके आसपास के क्षेत्र में सख्ती से इस दिशानिर्देश पर अमल करने को कहा गया है।

सदन में विधेयक पेश, हिमाचल में जबरन धर्म परिवर्तन किया तो होगी 10 साल की जेल

मानसून सत्र के तीसरे दिन सरकार की तरफ से 10 विधेयक सदन में पेश किए गए। इन विधेयकों में हिमाचल प्रदेश धर्म की स्वतंत्रता संशोधन विधेयक 2022 भी शामिल है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसे सदन में पेश किया। इसके तहत सरकार हिमाचल में जबरन सामूहिक धर्म परिवर्तन करवाने पर 10 साल तक की सजा का प्रावधान करने जा रही है। संशोधित विधेयक के पारित होने की स्थिति में राज्य में जबरन, कपट पूर्ण तरीके से अथवा विवाह के वक्त जाति छिपाने पर इसका खुलासा होने पर कड़ी सजा हो सकेगी।

दिल्ली में मिला मंकीपॉक्स का पांचवां मरीज, 22 साल की महिला LNJP हॉस्पिटल में कराई गई भर्ती

दिल्ली में मंकीपॉक्स वायरल का पांचवा मामला सामने आया है। एक 22 वर्षीय महिला में मंकीपॉक्स की पुष्टि होने के बाद इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संक्रमित महिला की डॉक्टरों की एक टीम निगरानी कर रही है। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। एलएनजेपी हॉस्पिटल के एमडी डॉक्टर सुरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली में आज मंकीपॉक्स का 5वां मामला सामने आया है।

भारी पड़ा आतंकी कनेक्शन! कश्मीरी पंडितों के कातिल बिट्टा कराटे की पत्नी सहित 4 कर्मचारियों को सरकार ने किया बर्खास्त

जम्मू-कश्मीर सरकार ने आतंक के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन के प्रमुख सैयद सलाहुद्दीन के बेटे और आतंकी वित्तपोषण मामले में आरोपी बिट्टा कराटे की पत्नी सहित चार कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी चारों कर्मचारियों को संविधान के अनुच्छेद 311 के तहत बर्खास्त किया गया है जिसमें सरकार को बिना किसी जांच के अपने कर्मचारी को निष्कासित करने की शक्ति प्राप्त है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button