देशराजनीति

दिल्ली में आज BJP की अहम बैठक, मेयर-डिप्टी मेयर के नामों पर फैसला संभव

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम में मेयर, डिप्टी मेयर और सदन की स्थायी समिति के सदस्यों के नामों पर बुधवार को मुहर लगने की संभावना है। इस सिलसिले में एमसीडी की सत्ताधारी भाजपा की आज एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिस पर सियासी गलियारों की नजरें जमी हुई हैं। भाजपा ने इन प्रमुख पदों के लिए पार्षदों के चयन हेतु आठ सदस्यों की एक विशेष समिति गठित की है।

प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व वाली इस कमेटी में रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद योगेंद्र चांदोलिया, कमलजीत सहरावत, विष्णु मित्तल, अल्का गुर्जर और पवन राणा जैसे दिग्गज नेता शामिल हैं। चूंकि इनमें से कई नेता वर्तमान में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार में व्यस्त हैं, इसलिए वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस महत्वपूर्ण चर्चा का हिस्सा बनेंगे।

पार्टी इस बार अनुभव और ऊर्जा के बीच तालमेल बैठाने की रणनीति पर काम कर रही है। मेयर और डिप्टी मेयर जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए पुराने और अनुभवी पार्षदों के साथ-साथ पहली बार जीत कर आए युवा पार्षद भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। पिछले कुछ हफ्तों से संभावित उम्मीदवार अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।

ऐसे में भाजपा के अंदर इस बार मुकाबला काफी रोमांचक नजर आ रहा है। अनुभवी खेमा जहां अपनी पकड़ का हवाला दे रहा है, वहीं नए चेहरे अपने प्रदर्शन के आधार पर अवसर की तलाश में हैं। नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती एक ऐसे चेहरे को सामने लाने की है, जो संगठन में संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ निगम के कार्यों को गति दे सके। इसके अलावा, स्थायी समिति के दो पदों के लिए भी क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नामों पर विचार किया जा रहा है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button