देशबड़ी खबर

राहुल और अडाणी मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, कांग्रेस के 15 सदस्य बजट सत्र के लिए निलंबित

  • गुजरात विधानसभा में कांग्रेस विधायकों ने काला कपड़ा पहनकर विरोध जताया

गांधीनगर/अहमदाबाद। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता रद्द किए जाने के विरोध में कांग्रेस की ओर से देशव्यापी विरोध के तहत गुजरात विधानसभा में कांग्रेस विधायकों ने काला कपड़ा पहन कर प्रदर्शन किया। विधानसभा के नियम 51 के तहत अध्यक्ष शंकर चौधरी ने कांग्रेस के 15 सदस्यों को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया। बाद में संसदीय कार्य मंत्री ऋषिकेश पटेल की मांग पर सभी को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किया गया।

विधानसभा में कांग्रेस विधायक अमित चावडा के नेतृत्व में कांग्रेस सदस्यों ने हंगामा किया। विधानसभा के प्रवेश द्वार पर कांग्रेस सदस्य धरना पर बैठ गए। कांग्रेस सदस्यों ने अडाणी का मुद्दा भी उठाया। विधानसभा के अंदर कांग्रेस सदस्य बैनर लेकर वेल में घुस गए। इसके बाद गांधीनगर सर्किट हाउस में राहुल गांधी मामले पर प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस ने केन्द्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

कांग्रेस विधायक अमित चावडा ने कहा कि भाजपा शासन में लोकतंत्र खत्म कर तानाशाही की जा रही है। सरकार के सामने कोई बोल नहीं सकता है। हाल देश में मित्रकाल चल रहा है, उनके मित्रों के लिए देश की सम्पत्ति लुटाई जा रही है। मित्रों को पोर्ट और एयरपोर्ट दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के मामले में सूरत की अदालत 23 मार्च को जजमेंट देती है और 24 मार्च को राहुल की लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी जाती है।

कांग्रेस सदस्यों ने की नारेबाजी

विधानसभा में सोमवार को कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा मुख्य द्वार पर काला कपड़ा पहन कर नारेबाजी की। हम लड़ेंगे…से, मोदी-अडाणी भाई-भाई के नारे लगाए गए। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के पीछे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। अडाणी की सेल कंपनियों में 20 हजार करोड़ रुपए का बेनामी निवेश कहां से आया। यह निवेश किसके थे। कांग्रेस ने सवाल किया कि यह राशि भाजपा नेताओं की तो नहीं थी। अडाणी फाइनेंस स्कैम में लाखों एलआईसी पॉलिसी धारकों और बैंक खाताधारकों के रुपये डूबने जा रहे हैं। इसकी जांच के लिए कांग्रेस जेपीसी की मांग कर रही है। देश की संसद में सवाल पूछने और बोलने से उन्हें रोका गया। कार्यवाही से उनके निवेदनों को रद्द कर दिया गया।

दूसरी ओर, अहमदाबाद में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश ठाकोर के नेतृत्व में कांग्रेस ने लाल दरवाजा रूपाली सिनेमा के पास धरना दिया। धरना शुरू होने के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष जगदीश ठाकोर समेत 150 कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वडोदरा, सूरत समेत राज्य के अन्य शहरों से भी कांग्रेस के विरोध की खबरें मिली है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button