ताज़ा ख़बरदेश

बीजेपी शिवसेना में और बढ़ा विवाद, संजय राउत की पंजाब की हार के सवाल का फडणवीस ने यूपी और गोवा से दिया जवाब

पांज राज्यों के चुनाव नतीजे आने के बाद बीजेपी और शिवसेना के बीच विवाद और बढ़ गया है.   ‘शिवसेना की तीन राज्यों में हार तो बस हार है, बीजेपी की पंजाब में हार भयंकर है,’ शिवसेना सांसद संजय राउत ने बीजेपी जैसी केंद्रीय पार्टी की पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य में हार को गंभीर और भयंकर बताया. जवाब में देवेंद्र फडणवीस ने गोवा, यूपी और मणिपुर का संदर्भ उठाया. देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना के उम्मीदावरों की जमानत जब्त होने और नोटा के वोटों से भी कम वोट मिलने की खिल्ली उड़ाई. देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘शिवसेना की लड़ाई बीजेपी से नहीं थी. उनकी लड़ाई तो नोटा से थी. लड़ाई तो अब होगी मुंबई महानगर पालिका में, 2024 में महाराष्ट्र में बीजेपी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने जा रही है.’

संजय राउत ने आज (11 मार्च, शुक्रवार) मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ‘बीजेपी को बड़ी जीत मिली है. हम उनका अभिनंदन करते हैं. लेकिन यूपी तो उनका राज्य था. उत्तराखंड और गोवा भी उनके राज्य थे. लेकिन अखिलेश यादव की सीटें तीन गुना बढ़ी हैं. उनकी सीटें 42 से बढ़ कर 125 हो गई हैं. मायावती और ओवैसी ने बीजेपी की जीत में बड़ा योगदान दिया है.’

‘मायावती और ओवैसी के योगदान पर उनका पद्मभूषण और भारत रत्न से करें सम्मान’

इसके बाद व्यंग्य बाण चलाते हुए संजय राउत ने कहा, ‘ मायावती और ओवैसी को यूपी में बीजेपी की जीत के लिए अब पद्म विभूषण और भारत रत्न का सम्मान देना चाहिए. बीजेपी की चार राज्यों में जीत को लेकर हमें खुशी है. हम उनकी खुशी में शामिल हैं. लेकिन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री क्यों हार गए? गोवा में दो उप मुख्यमंत्री क्यों हार गए? हम तीन राज्यों में हार गए लेकिन हमारी हार तो बस एक हार है. बीजपी जैसी केंद्रीय पार्टी का पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य में हार एक भयंकर हार है. यह देश के लिए गंभीर चिंता का विषय है कि एक सीमावर्ती राज्य के वोटरों ने केंद्रीय पार्टी बुरी तरह से रिजेक्ट किया है.’

‘शिवसेना की लड़ाई बीजेपी से नहीं, नोटा से- हराने का दावा करने वाले हार के लौटे यूपी-गोवा से’

बीजेपी की चार राज्यों की जीत में गोवा की जीत बेहद अहम है. गोवा में बीजेपी के चुनाव प्रभारी महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस का अहम योगदान है. गौवा से लौटने पर उनका आज बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मुंबई में जोरदार स्वागत किया. अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने शिवसेना के इन सवालों का जवाब देते हुए कहा, ‘बीजेपी की जीत खास कर पीएम नरेंद्र मोदी पर महिलाओं, मेहनतकशों के भरोसे की जीत है. उत्तर प्रदेश की जीत के लिए महाराष्ट्र से गए बीजेपी कार्यकर्ताओं का भी मैं अभिनंदन और आभार मानता हूं कि आपने वहां विरोधियों पर बुलडोजर चलवाने में अहम योगदान दिया है. ऐसा करके आपने महाराष्ट्र की शान बढ़ाई है. छत्रपति शिवाजी महाराज की शान बढ़ाई है.’

आगे देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘ शिवसेना तो गोवा, यूपी, मणिपुर में बीजेपी से नहीं नोटा से लड़ रही थी. बीजेपी और एनसीपी को मिला कर वहां जितने वोट पड़े हैं, उनसे कहीं ज्यादा नोटा पर वोट पड़े हैं. एक उम्मीदवार को तो गोवा में सिर्फ 97 वोट मिले हैं. रही बात महाराष्ट्र और मुंबई की तो आज रात तक जश्न है कल से फिर शुरू लड़ाई है. मुंबई महानगर पालिका की लड़ाई किसी पार्टी के खिलाफ नहीं बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई होगी. 2024 में बीजेपी की महाराष्ट्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी.’

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button