ताज़ा ख़बरदेश

युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रही है भाजपा : प्रधानमंत्री मोदी

  • – हिमाचल की देव संस्कृति और हस्तशिल्पियों से अभिभूत हूं
  • – हिमाचल और उप्र ने 5 साल में सरकार बदलने की सोच को बदला

मंडी/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। भाजपा देश की ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जिसमें मुख्यमंत्री, सांसद, मंत्री हर जगह युवाओं का प्रतिनिधित्व सबसे ज्यादा होता है। वे वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये हिमाचल प्रदेश के मंडी में भाजपा की युवा विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए अपनी बात रख रहे थे। हालांकि खराब मौसम के कारण कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने खेद प्रकट करते हुए बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया।

प्रधानमंत्री ने केंद्र और राज्यों में स्थिर सरकार का महत्व बताते हुए कहा कि केंद्र में दशकों तक गठबंधन सरकार थी और अनिश्चितता का माहौल था। उसके कारण दुनिया में लोगों को देश के बारे में संदेह था। 2014 में एक स्थिर सरकार चुनी गई, जो नीति-निर्माण और शासन में स्थिरता लाई। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी हर पांच साल में सरकारें बदल जाती थीं, लेकिन दोनों राज्यों में हाल के विधानसभा चुनावों में लोगों ने फिर से भाजपा की सरकार को चुना। अब लोग स्थिर सरकार के महत्व को समझ रहे हैं।

विभिन्न क्षेत्रों में हिमाचल की युवा शक्ति के योगदान का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल हो या कला, हिमाचल प्रदेश के युवाओं का उत्साह और कौशल देश को लाभान्वित कर रहा है। युवाओं को प्रोत्साहित करना भाजपा की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पहाड़ी गांधी बाबा कांशी राम समेत राज्य के अनेक सेनानियों का स्मरण करते हुए आजादी के आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि आजादी के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर से लेकर कारगिल युद्ध तक हिमाचल के जांबाजों ने सर्वोच्च बलिदान देकर मां भारती का सिर ऊंचा रखा है।

मोदी ने कहा, “युवाओं को ज्यादा से ज्यादा अवसर देना हमेशा से भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री हों, सांसद हों, मंत्री हों, भाजपा देश की वो राजनीतिक पार्टी है, जिसमें हर जगह युवाओं का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि भाजपा देश और हिमाचल के युवाओं पर सबसे अधिक भरोसा करती है।” उन्होंने कहा कि अब देश की युवा शक्ति मिलकर आजादी के अमृत काल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा करेगी।

मोदी ने कहा कि हिमाचल के लोग और युवा भाजपा सरकार की वापसी का मन बना चुके हैं। हिमाचल के युवा जानते हैं कि साफ और ईमानदार नीयत के साथ हिमाचल का विकास कोई कर सकता है, तो वह भाजपा ही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में दवाओं के रॉ-मैटेरियल को लेकर आत्मनिर्भरता पर काम चल रहा है, उसके लिए तीन राज्यों को चुना गया है, जिसमें हिमाचल प्रदेश भी शामिल है। जहां बल्क ड्रग्स पार्क बनाया जा रहा है। देश के चार राज्यों में मेडिकल डिवाइस पार्क बनाए जा रहे हैं, उसमें भी हिमाचल एक राज्य है।

देश की अर्थव्यवस्था में पर्यटन क्षेत्र की भूमिका का महत्व रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अमृत काल में भारत की अर्थव्यवस्था को, देश में रोजगार निर्माण को एक बड़ा बल पर्यटन क्षेत्र से मिलने वाला है। उन्होंने कहा, “मैं खुद भी हिमाचल की देव संस्कृति और हिमाचल के हस्तशिल्पियों से अभिभूत रहता हूं।” उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पिछले तीन वर्ष में देश के सात करोड़ से अधिक नए घरों को नल से जल मिलने लगा है।

हिमाचल प्रदेश के आठ लाख से ज्यादा परिवारों को भी नल से जल की सुविधा मिली है। हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 14,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले ही केंद्र सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हिमाचल के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति सूची में जोड़ने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र में रहने वाले हाटी समुदाय के हजारों युवा साथियों को इस निर्णय से अनेक अवसर मिलने वाले हैं।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button