देशबड़ी खबर

गुजरात दौरे पर PM मोदी, विधानसभा चुनाव पर फोकस, मेगा रोड शो में लोगों ने लगाए ‘जय श्री राम-भारत माता की जय’ के नारे

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा फोकस गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार पर आ गया है. पांच राज्यों के चुनावी नतीजों की घोषणा के बाद पीएम ने अब दो दिवसीय दौरे के लिए गुजरात का रुख किया है. यहां उन्होंने अहमदाबाद में एक मेगा रोड शो किया. इतना ही नहीं, इसके अलावा प्रधानमंत्री पंचायती राज संस्थाओं के एक लाख से अधिक निर्वाचित प्रतिनिधियों की एक रैली को भी संबोधित करेंगे.

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव नतीजों की घोषणा 10 मार्च को होने के एक दिन बाद मोदी अपने गृह राज्य की यह यात्रा करने जा रहे हैं. गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी अहमदाबाद में एक खेल महाकुंभ का भी उद्घाटन करेंगे और गांधीनगर जिले में स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करेंगे.

आज अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंंचेंगे पीएम मोदी

भारतीय जनता पार्टी की गुजरात इकाई के प्रमुख सी आर पाटिल ने संवाददाताओं से कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 मार्च की सुबह अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से कमलम (गांधीनगर स्थित प्रदेश बीजेपी मुख्यालय) तक वह एक रोड शो करेंगे. मार्ग में चार लाख लोग उनका स्वागत करेंगे.’ उन्होंने बताया कि विभिन्न गैर सरकारी संस्थाएं (एनजीओ), संगठन, बीजेपी कार्यकर्ता और मोदी के शुभचिंतक रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री के पूर्व निर्धारित स्थानों पर मौजूद रहेंगे.

अमित शाह के साथ साझा करेंगे मंच 

पाटिल ने बताया कि कमलम में मोदी बीजेपी के सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगे. उन्होंने बताया कि उसी दिन शाम को मोदी अहमदाबाद के जीएमडीसी मैदान में महा पंचायत सम्मेलन- ‘मारु गाम, मारु गुजरात’- को संबोधित करेंगे. तालुका और जिला पंचायत के सदस्यों तथा नगर निगम पार्षदों सहित 1.38 लाख से अधिक निर्वाचित प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे. एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह मोदी राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. वह दीक्षांत भाषण देंगे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मंच साझा करेंगे, जो अध्यक्षीय भाषण देंगे.

पाटिल ने बताया कि इसके बाद, मोदी शाम में खेल महाकुंभ कार्यक्रम में का उद्घाटन करेंगे. उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए 47 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है. इसके तहत पूरे राज्य में 500 से अधिक स्थानों पर विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा. गुजरात सरकार के परिपत्र के मुताबिक, खेल महाकुंभ को केंद्र के आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत एक ऐतिहासिक कार्यक्रम घोषित किया गया है. स्कूल और कॉलेज के छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए इस महाकुंभ के तहत विभिन्न खेल कार्यक्रमों को आयोजन किया जाएगा. खेल महाकुंभ के दौरान पांच विभिन्न श्रेणियों में खेल कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button