देशबड़ी खबर

मशहूर पंजाबी गायक मूसेवाला की गोली मारकर हत्या

सरकार द्वारा सुरक्षा में कटौती के 24 घंटे से भी कम समय में गायक से अभिनेता-राजनेता बने सिद्धू मूसेवाला को पंजाब के मनसा में रविवार को उनके पैतृक गांव के पास गैंगस्टरों ने दिन के उजाले में गोली मार दी। वह 29 वर्ष के थे। उनके लाखों प्रशंसक हैं। पुलिस के मुताबिक, मूसेवाला महिंद्रा थार एसयूवी में सफर कर रहे थे, उसी दौरान 10-12 हमलावरों ने गायक और उसके दो दोस्तों पर पॉइंट-ब्लैंक रेंज में 20 से अधिक राउंड फायर किए, जो गंभीर रूप से घायल हो गए। मूसेवाला को सात-आठ गोलियां लगीं।

पता चला है कि इस अपराध में एके-47 राइफल का इस्तेमाल किया गया, क्योंकि उसके कारतूस अपराध स्थल से बरामद किए गए हैं। बुरी तरह घायल मूसेवाला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मानसा अस्पताल के सिविल सर्जन ने कहा कि मूसेवाला को मृत लाया गया, जबकि दो अन्य को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यह घटना पंजाब पुलिस द्वारा पूर्व विधायकों, दो तख्तों के जत्थेदारों, डेरों के प्रमुखों और पुलिस अधिकारियों सहित 420 से अधिक लोगों की सुरक्षा वापस लेने के आदेश के एक दिन बाद हुई है।

मूसावाला की सुरक्षा करने वाले चार बंदूकधारियों में से दो को नए सरकारी आदेश पर वापस ले लिया गया था। जब वारदात हुई, उस समय मूसेवाला बिना सुरक्षा के थे। वह ऐसे वाहन में यात्रा कर रहे थे, जो बुलेटप्रूफ नहीं था। पुलिस ने बताया कि आम तौर पर वह आने-जाने के लिए बुलेटप्रूफ टोयोटा फॉर्च्यूनर का इस्तेमाल करते थे। पंजाबी रैप गायक के दुनियाभर में लाखों प्रशंसक हैं। वह मूल रूप से मूसा गांव से थे। वह 20 फरवरी का विधानसभा चुनाव मानसा से कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में लड़े थे। मूसेवाला अपने चुनाव प्रचार के दौरान अपने गीत गाते और दोहे सुनाते थे। मतदाताओं के साथ अनगिनत सेल्फी के लिए पोज देने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं थी।

उनके कई गाने बिलबोर्ड कैनेडियन हॉट 100 चार्ट में प्रदर्शित हुए। गायक से राजनेता बने मूसेवाला के नामांकन हलफनामे के अनुसार, उनके पास 7.87 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वह खुली जीप में सवारी करना पसंद करते थे। उन पर चार आपराधिक मामले थे, जिनमें दो अश्लील दृश्यों के लिए थे। मूसेवाला के लिए विवाद नए नहीं थे। पंथिक निकायों ने उन पर सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी। अपने ट्रैक ‘जट्टी जियोने मोड़ दी बंदूक वर्गी’ में 18वीं शताब्दी के सिख योद्धा माई भागो के नाम का कथित रूप से दुरुपयोग करके उन्होंने हलचल पैदा कर दी थी। बाद में उन्होंने माफी मांग ली थी।

फिल्म ‘संजू’ के अपने गीत में हिंसा और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने के आरोपों का सामना कर रहे मूसेवाला 3 दिसंबर, 2021 को कांग्रेस में शामिल हुए थे। अपनी अनूठी रैपिंग शैली के साथ खुद के लिए अलग जगह बनाने वाले मूसेवाला को ‘लीजेंड’, ‘डेविल’, ‘जस्ट सुनो’, ‘जट्ट दा मुकाबाला’ और ‘हथियार’ जैसे कई हिट गानों के लिए जाना जाता था। उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘मूसा जट्ट’ में नायक की भूमिका निभाई थी। उनकी एक और फिल्म ‘यस आई एम ए स्टूडेंट’ एक ऐसी कहानी थी जो अंतर्राष्ट्रीय छात्रों की कठिनाइयों पर रोशनी डालती है और उन्हें कभी भी उम्मीद नहीं खोने के लिए प्रेरित करती है।

मूसेवाला 2016 में एक अंतर्राष्ट्रीय छात्र के रूप में कनाडा गए थे। उन्होंने राजनीति में आने के दिन कहा था, “मैं राजनीति में प्रवेश करने या प्रशंसा अर्जित करने के लिए नहीं आ रहा हूं। मैं इसे बदलने के लिए सिस्टम का हिस्सा बनना चाहता हूं। मैं लोगों की आवाज उठाने के लिए कांग्रेस में शामिल हो रहा हूं। मैं कांग्रेस में शामिल हो रहा हूं, क्योंकि पार्टी में ऐसे नेता हैं जो आम परिवारों से आए हैं।”

इस दर्दनाक घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि मूसेवाला की निर्मम हत्या चौंकाने वाली है। उन्होंने ट्वीट किया, “शोकग्रस्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है। आप की पंजाब सरकार बुरी तरह विफल है। पंजाब में कोई भी सुरक्षित नहीं है!” भाजपा के मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाबी गायक की सुरक्षा वापस लेने के फैसले पर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की खिंचाई की।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button