देशबड़ी खबर

भाजपा-कांग्रेस ने राजस्थान को लूटा, घोटालों की पोल खोलेंगे : केजरीवाल

जयपुर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजस्थान में साल 1993 से अब तक भाजपा और कांग्रेस को जनता ने बारी-बारी मौका दिया और बारी-बारी से दोनों ने राजस्थान को लूटा है। कांग्रेस-भाजपा दोनों में सेटिंग है। चुनाव में एक-दूसरे पर घोटालों के आरोप लगाते हैं। चुनाव बाद एक आदमी पर भी कार्रवाई नहीं करते। केजरीवाल ने कहा कि मैंने सुना है कि वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत की अच्छी दोस्ती है। गहलोत पर आंच आती है तो वसुंधरा ने पूरी पार्टी उनके लिए खड़ी कर दी। ऐसे ही जब भाजपा वसुंधरा राजे पर कार्रवाई कर रही थी तो गहलोत ने कांग्रेस उनके लिए खड़ी कर दी। हमारी सेटिंग जनता से है। हम दोनों मौसेरे भाइयों के घोटालों की पोल खोलेंगे।

मुख्यमंत्री केजरीवाल सोमवार को जयपुर में तिरंगा यात्रा निकालने के बाद अजमेरी गेट पर हुई जनसभा को संबोधित कर रहे थे। आम आदमी पार्टी (आप) की चुनावी तैयारी का आगाज करते हुए सोमवार को जयपुर में सांगानेरी गेट से अजमेरी गेट तक तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में आप संयोजक और दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से आज तक राजस्थान में 48 साल कांग्रेस और 18 साल बीजेपी ने राज किया है। अब भाजपा-कांग्रेस यह नहीं कह सकती कि हमें मौका नहीं दिया। राजस्थान का हाल बेहाल है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं, पेपर लीक हो रहे हैं। शहीदों की वीरांगनाओं को बेइज्जत किया जा रहा है। साल 1993 से अब तक भाजपा और कांग्रेस को आपने बारी-बारी मौका दिया और बारी-बारी से दोनों ने राजस्थान को लूटा है। कांग्रेस-भाजपा दोनों में सेटिंग है। चुनाव में एक-दूसरे पर घोटालों के आरोप लगाते हैं। चुनाव बाद एक आदमी पर भी कार्रवाई नहीं करते हैं। हमारी सेटिंग जनता से है। हम दोनों मौसेरे भाइयों के घोटालों की पोल खोलेंगे।

उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया को इसलिए जेल भेजा, क्योंकि वह गरीबों के बच्चों को फ्री में पढ़ा रहे हैं। जो काम हमने दिल्ली में किया, वो काम अब पंजाब में हो रहा है। एक साल में 27 हजार सरकारी नौकरी दी। संविदाकर्मियों को नियमित कर दिया। क्या आप चाहते हैं राजस्थान में ऐसा होना चाहिए।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की सफाई के लिए भगवान ने झाड़ू भेजी है। राजस्थान की जनता भी झाड़ू चलाने की तैयारी में बैठी है। अब राजस्थान में तीसरा विकल्प आ गया है। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी बनी थी तो कांग्रेस-भाजपा वाले केजरीवाल को गाली देते थे। कहते थे कि चुनकर आओ। अब हम चुनकर आए है तो कांग्रेस-भाजपा सड़कों पर आ गई है। मान ने कहा कि किस्मत बदलनी है तो ईवीएम में बटन बदलो। वहीं, आपके बच्चों की किस्मत को बदलने का काम करेगा। डबल इंजन से डबल करप्शन हो रहा है। इसलिए रोक दो डबल इंजन काे। हर घर में झाड़ू और केजरीवाल की बात होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ये लोग शहीदों के कफन बेचकर खा गए।

इससे पहले, जयपुर एयरपोर्ट पर केजरीवाल ने वीरांगनाओं के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुझे बड़ा दुख है कि शहीदों की वीरांगनाओं से बदसलूकी की गई, यह नहीं होना चाहिए था। शहीदों के परिजनों को हम दिल्ली में एक करोड़ रुपये देते हैं। देवर की नौकरी की मांग पर कहा कि वीरांगना के पति ने देश के लिए शहादत दे दी, अब शहीद के परिवार से किसी को तो नौकरी देनी ही है तो इसमें गलत क्या है? केजरीवाल ने कहा कि आज से हम शुरुआत कर रहे हैं, आप से अब लगातार मुलाकात होती रहेगी।

आप से राज्यसभा सांसद डॉ संदीप पाठक ने कहा कि राजस्थान को नंबर वन बनाने के लिए तिरंगा यात्रा एक अभियान है। इस अभियान के माध्यम से हम देश के हर कोने में एक सकारात्मक राजनीति की शुरुआत करना चाहते हैं। देश को हम अरविंद केजरीवाल की राजनीति से जोड़ना चाहते हैं। हम राजस्थान में अच्छे स्कूल और अस्पताल बनाने की राजनीति की शुरुआत करना चाहते है। इसलिए राजस्थान में आप इस बार पुरजोर तरीके से विधानसभा कि 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

आप के राजस्थान प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी आपस में मिले हुए हैं। जहां भी आम आदमी पार्टी से इन्हें खतरा नजर आता है, दोनों एक हो जाते हैं। राजस्थान में भी यही मिलीभगत का खेल चल रहा है। हमने बीजेपी प्रदेश मुख्यालय का घेराव करना चाहा तो यहां की कांग्रेस सरकार ने पुलिस के जरिए रुकवा दिया था। इनकी यह मिलीभगत का खेल ज्यादा चलने वाला नहीं है। जनता समझ चुकी है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button