बड़ी खबरविदेश

चीन में हुए विमान हादसे में सवार सभी 132 लोग मारे गए, राष्ट्रपति जिनपिंग बोले- घटना से हैरान

चीन के दक्षिणी प्रांत गुआंगशी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र में कल सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में सवार सभी 132 यात्रियों और चालक दल के सदस्य मारे गए हैं. समाचार एजेंसी एपी ने स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के हवाले में हादसे के शिकार सभी लोगों के मारे जाने की जानकारी दी है. विमान में सवार 132 लोगों में 123 यात्री और चालक दल के 9 सदस्य थे. कहा जा रहा है कि विमान में एक भी विदेशी नागरिक नहीं थे.

इससे पहले सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन विभाग के हवाले से लिखा था, ‘चाइना ईस्टर्न एयरलाइन का ‘बोइंग 737’ विमान तेंगशियान काउंटी के वुझो शहर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के पहाड़ी इलाके में आग लग गई. विमान कुनमिंग से गुआनझो जा रहा था. यह करीब एक दशक में चीन का सबसे बड़ा विमान हादसा है. हालांकि हादसे के बाद की घटनाओं को देखते हुए दावा किया जा रहा था कि किसी भी यात्री के बचने की कोई संभावना नहीं है. साथ ही रात गहरी होने के साथ ही सुदूर पहाड़ी क्षेत्र में बचाव कार्य भी मुश्किल हो रहा है.

विस्तृत खोज और बचाव अभियान का आदेश

‘सिविल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ चाइना’ (चीन का नागरिक उड्डययन विभाग) की वेबसाइट पर मौजूद सूचना के अनुसार, विमान में सवार 132 लोगों में 123 यात्री और चालक दल के नौ सदस्य थे. दूसरी ओर, सरकारी प्रसारक सीजीटीएन-टीवी की खबर के अनुसार, विमानन कंपनी ने घोषणा की कि विमान में कोई विदेशी नागरिक सवार नहीं था.

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि विमान हादसे की खबर सुनकर वह ‘हैरान’ हैं और व्यापक तलाशी तथा बचाव कार्य का आदेश दिया है. सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद जारी निर्देशों में शी ने कहा कि कुनमिंग से गुआनझो जा रहे ‘चाइना ईस्टर्न एयरलाइन’ के विमान एमयू5735 के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर वह हैरान हैं. उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए विस्तृत खोज और बचाव अभियान चलाने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए तत्काल कार्रवाई की जा रही है और विमानन क्षेत्र तथा लोगों के जीवन की सुरक्षा के लिए विमानन क्षेत्र की सुरक्षा को बेहतर बनाने की आवश्यकता है.

117 दमकल कर्मी और 23 दमकल गाड़ियां पहुंचीं

सदर्न थियेटर कमान ने सोमवार को कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की टीम तत्काल राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंच गई. सरकारी मीडिया के अनुसार, विमान तेजी से पहाड़ी क्षेत्र की ओर बढ़ा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया. क्षेत्रीय दमकल विभाग ने बताया कि वुझो दमकल विभाग ने 117 दमकल कर्मियों को 23 दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर भेजा है.

उन्होंने बताया कि गुआंगशी के अन्य हिस्सों से और 538 दमकल कर्मियों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया है. क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी छेन जी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और बचाव अभियान जारी है. सरकारी प्रसारक सीसीटीवी की खबरों के अनुसार, विमानन कंपनी ने नौ दलों का गठन किया है जिनका काम विमान के मलबे का निस्तारण, दुर्घटना की जांच करना और पीड़ित परिवारों की मदद करना है.

दुर्घटना की जांच पूरी गंभीरताः PM क्विंग

दूसरी ओर, प्रधानमंत्री ली क्विंग ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने का प्रयास करते हुए कहा कि उनकी सहायता की जाएगी, समय पर तथ्यात्मक रूप से सही जानकारी/सूचना उपलब्ध करायी जाएगी, दुर्घटना की जांच पूरी गंभीरता से की जाएगी और नागरिक उड्डययन क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे.

इस बीच, विमानन कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि चीन की तीन सबसे बड़ी विमानन कंपनियों में शामिल ‘चाइना ईस्टर्न एयरलाइन’ ने सोमवार को हुए हादसे के बाद अपने सभी बोईंग 737-800 विमानों की उड़ानें रद्द कर दी हैं. इस बीच, चाइना ईस्टर्न एयरलाइन ने अपनी वेबसाइट का रंग बदलकर काला कर दिया है.

समाचार पोर्टल ‘द पेपर’ के अनुसार, गुआनझो बाईयुन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक कर्मचारी ने बताया कि कुनमिंग से गुआनझो जा रहा विमान एमयू5735 अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचा. इस विमान को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:10 मिनट पर कुनमिंग से उड़ान भरनी थी और दोपहर 2:52 बजे गुआनझो पहुंचना था, लेकिन बीच रास्ते में यह हादसे का शिकार हो गया.

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button