बड़ी खबरमनोरंजन

Oscar 2023: भारतीय कलाकारों ने ‘RRR’ को ऑस्कर जीतने पर दी बधाई, कहा- भारत के लिए गर्व का पल

नई दिल्ली। प्रियंका चोपड़ा जोनस, आलिया भट्ट, ऋतिक रोशन और अजय देवगन सहित भारतीय फिल्म जगत के कई कलाकारों ने तेलुगु फिल्म ‘आरआरआर’ और तमिल वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ के ऑस्कर जीतने पर खुशी जाहिर करते हुए इसे बेहद खास पल बताया है। निर्देशक एस. एस. राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ के तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ ने 95वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर जीत कर इतिहास रच दिया है।

गीत ‘नाटु नाटु’ के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और गीतकार चंद्रबोस ने इसके बोल लिखे हैं। इसे स्वर काल भैरव और राहुल सिप्लीगुंज ने दिया है। ‘नाटु नाटु’ का मतलब होता है ‘नाचना’। वहीं कार्तिकी गोंजाल्विस द्वारा निर्देशित तमिल भाषा के वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ ने ‘डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट’ श्रेणी में भारत के लिए पहला ऑस्कर जीता।

गीत ‘नाटु नाटु’ के कोरियोग्राफर प्रेम रक्षित ने लॉस एंजिलिस से बातचीत में खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस गीत का ऑस्कर जीतना ‘भारत के लिए गर्व का पल है।’ पुरस्कार जीतने के उत्साहपूर्ण क्षण के बारे में उन्होंने कहा कि हम सभी एक साथ बैठे थे। घोषणा होते ही हम खुशी के मारे पागल हो गए और एक-दूसरे को गले लगाने लगे।

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर पुरस्कार समारोह की तस्वीर साझा करते हुए फिल्म ‘आरआरआर’ और वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की सराहना की।

फिल्म ‘आरआरआर’ में अतिथि भूमिका में नजर आईं आलिया भट्ट ने भी कई तस्वीरें साझा करते हुए फिल्म से जुड़े लोगों की हौसला अफजाई की। अभिनेत्री ने एक अन्य पोस्ट में ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ और उसकी निर्माता गुनीत मोंगा की सराहना करते हुए लिखा, ‘‘यह पल…ऐतिहासिक। गुनीत मोंगा और पूरी टीम को बधाई।’’  

फिल्मकार करण जौहर ने फिल्म ‘आरआरआर’ के ऑस्कर जीतने को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने लिखा, ‘‘ ऐतिहासिक। मैं खुशी के मारे उछल रहा हूं। बेहद गर्व की बात है।’’ निर्देशक ने कहा कि इतिहास रचने के लिए उन्हें ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की टीम पर गर्व है।

फिल्म ‘आरआरआर’ में अतिथि भूमिका में नजर आए अजय देवगन ने दोनों ही पुरस्कार को भारत के लिए ‘‘गौरवान्वित पल’’ बताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘जैसा कि अक्सर कहा जाता है कि सिनेमा की भाषा किसी सीमा तक सीमित नहीं है। ऑस्कर जीतने के लिए ‘आरआरआर’ और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की टीम को बधाई। यह एक गौरवान्वित पल है।’’

ऋतिक रोशन ने कहा, ‘‘ऑस्कर जीतना भारतीय सिनेमा के लिए ऐतिहासिक, गौरवान्वित और खुशगवार पल। ‘आरआरआर’ और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की टीम को बधाई। ’’

कंगना रनौत ने लिखा, ‘‘ बेहतरीन। ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की टीम को बधाई।’’ अभिनेत्री ने फिल्म ‘आरआरआर’ को बधाई देते हुए कहा, ‘‘पूरे भारत को बधाई। नस्लीय आधार पर भारतीयों के दमन, यातना, हत्याओं, उपनिवेशीकरण को दिखाने वाली ‘आरआरआर’ को विश्व मंच पर सराहा गया….केवल बंगाल के अकाल के दौरान हुई भारतीयों की मृत्यु ‘होलोकॉस्ट’ (यहूदी नरसंहार) के दौरान यहूदियों की मृत्यु से कहीं अधिक थी।’’

अदाकारा समांथा रुथ प्रभु, अभिनेता राना दग्गुबाती, गायक अनूप जलोटा, साउंड डिजाइनर रेसुल पूकुट्टी सहित अन्य कई हस्तियों ने ‘आरआरआर’ और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ की टीम को बधाई दी।

जिमी किम्मेल को क्यों करना पड़ा आलोचना का सामना

ऑस्कर समारोह का आयोजन हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में किया गया। इसकी मेजबानी जिमी किम्मेल ने की, जिनके ‘आरआरआर’ को ‘‘बॉलीवुड फिल्म’’ बताने पर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया मंच ट्विटर पर एक व्यक्ति ने लिखा, ‘‘भारत में अलग-अलग भाषाओं के अलग-अलग फिल्म जगत हैं.. बॉलीवुड का मतलब है हिंदी भाषा की फिल्म.. हिंदी भारत में अधिक बोली जाने वाली भाषा है इसलिए बॉलीवुड लोकप्रिय है। ‘आरआरआर’ दक्षिण भारत की तेलुगु भाषा की फिल्म है।’’ एक अन्य सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘‘प्रिय ऑस्कर, ‘आरआरआर’ बॉलीवुड फिल्म नहीं है।’’

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button