कारोबार

देश में 30 अप्रैल तक 342.37 लाख टन चीनी का हुआ उत्पादन : इस्मा

  • चालू चीनी सत्र 2021-22 में देश से चीनी का निर्यात 70 लाख टन रहा

नई दिल्ली। देश में चीनी विपणन वर्ष 2021-22 में चीनी मिलों ने 30 अप्रैल तक 342.37 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है। पिछले साल की समान अवधि में 300.29 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। इस तरह 30 अप्रैल तक 42 लाख टन ज्यादा चीनी का उत्पादन हुआ है। भारतीय चीनी मिल संघ (इस्मा) ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि देश की चीनी मिलों ने 30 अप्रैल, 2022 तक 342.37 लाख टन चीनी का उत्पादन किया है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में 300.29 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था।

इस्मा के मुताबिक देश में चीनी का उत्पादन चालू चीनी विपणन वर्ष 2021-22 की अक्टूबर-अप्रैल अवधि के दौरान एक साल पहले इसी अवधि के मुकाबले 14 फीसदी बढ़कर 342.37 लाख टन पहुंच गया है, जो 42 लाख टन ज्यादा है। वहीं, इस साल 30 अप्रैल, 2022 को 217 चीनी मिलें गन्ने की पेराई कर रही थी, जबकि 30 अप्रैल 2021 को इसी अवधि में 106 चीनी मिलें गन्ने की पेराई कर रही थी।

इस्मा के मुताबिक भारत ने सितंबर में समाप्त होने वाले चालू चीनी विपणन वर्ष 2021-22 में अबतक 70 लाख टन चीनी का निर्यात किया है। उद्योग संगठन ने जानकारी देते हुए कहा कि चीनी विपणन वर्ष के दौरान चीनी का निर्यात 90 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है। दरअसल देश ने चीनी विपणन वर्ष 2020-21 में रिकॉर्ड 72.3 लाख टन चीनी का निर्यात किया था। इसमें अधिकांश निर्यात सरकारी अनुदान की मदद से किया गया। बता दें कि ब्राजील के बाद भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक देश है। चीनी विपणन वर्ष अक्टूबर से सितंबर तक चलता है।

उद्योग निकाय इस्मा के मुताबिक देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्य महाराष्ट्र में चीनी उत्पादन 30 अप्रैल तक बढ़कर 1.32 करोड़ टन पर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 1.05 करोड़ टन चीनी का उत्पादन हुआ था। वहीं, दूसरे सबसे बड़े चीनी उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में चीनी का उत्पादन घटकर 98.9 लाख टन रह गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 1.05 करोड़ टन हुआ था। हालांकि, तीसरे सबसे बड़े चीनी उत्पादक राज्य कर्नाटक में चीनी का उत्पादन बढ़कर 59 लाख टन रहा, जो एक साल पहले इसी अवधि में 42.4 लाख टन रहा था।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button