उत्तर प्रदेश

कानपुर में बड़ा हादसा, मकान की कच्ची दीवार गिरने से युवती की मौत और चार घायल

कानपुर, जेएनएन। नौबस्ता के गोवर्धन पुरवा में रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। मकान की कच्ची दीवार ढहने से युवती की मौत हो गई, जबकि घर के चार लोग जख्मी हुए हैं। तेज आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई और बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाकर घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

नौबस्ता गल्ला मंडी निवासी रामू की बेटी सोनी होली के त्योहार पर गोवर्धन पुरवा निवासी बुआ राम जानकी के घर आई थी। रविवार देर रात रामजानकी के घर की कच्ची दीवार भरभरा कर ढह गई। रामजानकी, उनकी बेटी उजाला, आरती, बेटा दिलीप उर्फ गोलू और सोनी मलबे में दब गईं। तेज आवाज और शोर सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और मलबा हटाकर बचाव कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद घायलों को मलबे से बाहर निकालकर हैलट अस्पताल पहुंचाया।

सोमवार की दोपहर बाद गंभीर रूप से घायल सोनी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन से घटना की जानकारी होने पर नौबस्ता पुलिस घटनास्थल पहुंची और पड़ताल शुरू की है। अस्पताल में घायलों की हालत गंभीर बनी है। नौबस्ता थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया स्वजन अगर कोई तहरीर देते हैं तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button