Flash News

बंगाल को देश से अलग करने की साजिश रच रही हैं ममता : गडकरी

कोलकाता, 03 मार्च । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्ता पर कब्जा जमाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने दिग्गज केंद्रीय नेताओं को लगा रखा है। आज एक जनसभा में केंद्रीय सड़क परिवहन और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल को देश से अलग करने की कोशिश कर रही हैं।
बुधवार को पुरुलिया के जयपुर इलाके में केंद्रीय सड़क परिवहन और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने एक सभा की। उन्होंने कहा कि इस बार 2021 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी और बंगाल का ही कोई लाल मुख्यमंत्री बनेगा। समय आने पर पता चलेगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ही बंगाल की तस्वीर बदलेगी। चुनाव के बाद भाजपा के विधायक सामूहिक तौर पर नेता चुनेंगे और वही व्यक्ति मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की पार्टी के नेताओं मंत्रियों सांसदों विधायकों का भी उनसे मोह भंग हो गया है।
गडकरी ने कहा कि बंगाल के लोग ममता बनर्जी के कुशासन से त्रस्त हैं और बदलाव चाहते हैं। लोग भाजपा को हर हाल में चुनेंगे। भाजपा ही सोनार बांग्ला बनाएगी। ममता बनर्जी की सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि भाजपा जाति धर्म रंग या किसी अन्य आधार पर कोई भेदभाव अथवा तुष्टिकरण नहीं करती है। बंगाल में भाजपा की 200 से अधिक सीटें जीतने का दावा करते हुए गडकरी ने कहा कि भाजपा की रैलियों में हो रही भारी भीड़ यहां परिवर्तन का द्योतक है। यह चुनाव पश्चिम बंगाल का भविष्य तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ममता बनर्जी बंगाल को देश से अलग करने की साजिश रच रही हैं, भाजपा ही इससे बचा सकती है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही केंद्र के साथ कदमताल कर सूबे का चौमुखी विकास होगा। यहां युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और कानून व्यवस्था की बदहाल परिस्थिति को सुधारा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button