![](https://plnews.in/wp-content/uploads/2021/02/d19b1c6b-ebf5-4028-aeef-c67d2e0799df.jpg)
भट्ठे ईंटकी दीवार गिरने से दबकर महिला की मौत, एक महिला घायल
लखीमपुर खीरी। कोतवाली सदर की चौकी एलआरपी क्षेत्र के ईट भट्ठे की अचानक दीवार भरभरा कर गिर गई, दीवार के मलवे के नीचे दबकर काम कर रहीं दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिलाओं को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र की एलआरपी पुलिस चौकी क्षेत्र में बांसखेड़ा गांव के निकट एक ईंट भट्ठा है, जिस पर पीलीभीत जिले की कोतवाली पूरनपुर के गांव सुआबोझ के कई परिवार मजदूरी करते हैं और भट्ठे पर ही परिवार समेत रहते हैं। मजदूरों ने बताया कि बृहस्पतिवार को करीब पांच महिलाएं ईंट भट्ठे की दीवार के पास मजदूरी कर रहीं थीं। दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक भट्ठे की ईंट की दीवार भरभराकर गिर गई। चीखपुकार मचने और तेज आवाज आने पर हड़कंप मच गया। तमाम मजदूर मौके पर पहुंचे। मजदूरों ने करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर उसके नीचे दबी राजकुमारी (४०) पत्नी हरीशचंद्र और नेमा देवी (३०) पत्नी शांतिस्वरूप को बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर लोग में दोनों को जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टर ने नेमा देवी को मृत घोषित कर दिया। इससे घबराए ईंट भट्ठे के कर्मचारी शव को आनन-फानन में लेकर वापस ईंट भट्ठे पर लौट गए। इधर हादसे की सूचना पर पहुंची एलआरपी चौकी पुलिस ने घटना स्थल की जांच की और मजदूरों से पूछताछ की।