उत्तर प्रदेशलखनऊ

पर्याप्त मात्रा में है खाद फिर भी मारामारी, अफसरों ने किया दाव…, पुलिस की निगरानी में होगा वितरण

जिले में खरीफ फसल के लिए लक्ष्य से ज्यादा खाद उपलब्ध और वितरण का दावा किया जा रहा है, इसके बावजूद मारामारी के हालात बने हुए हैं। सबसे ज्यादा स्थिति सहकारी समितियों की खराब है, जहां किसानों की भीड़ को देखते हुए टोकन देकर पुलिस की उपस्थिति में वितरण किया जाने लगा है। इसके बाद भी किसान खाली हाथ लौट रहे हैं।

माल संवाददाता के अनुसार, गुरुवार को बहुउद्देश्यीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति, नवीडांडा, रुदान खेड़ा, जमुलिया आदि में किसानों की सुबह से भीड़ रही। मारामारी को देखते हुए गेट बंद कर दिया गया। किसान सुरेश मौर्य, शिवा, श्रवण, मुन्नी लाल, श्रीराम आदि ने बताया कि धान के लिए कई दिन से यूरिया नहीं मिली है। रोजाना लौट जाते हैं। समिति पर हालात बिगड़ते देख जिला कृषि रक्षा अधिकारी महेश चंद्र व सहायक विकास अधिकारी (कृषि) सिकंदर यादव मौके पर पहुंचे और किसानों को टोकन देकर पुलिस की उपस्थिति में वितरण कराया। इसके बाद भी कई किसान वंचित रह गए।

मोहनलालगंज संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र में यूरिया की किल्लत रही। एक बोरी खाद पाने के लिए किसानों को कई घंटे इंतजार करना पड़ा। यही नहीं कई समितियों में खाद होने के बावजूद वितरण नहीं की गई। मऊ पीसीएफ व मऊ समिति में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रही। जबकि भौन्द्री सहकारी समिति में दो दिन वितरण की गई, जबकि गुरुवार को स्टॉक खत्म हो गया। इसी तरह परेहटा, फत्ते खेड़ा सिसेंडी और गौरा सहकारी समिति में खाद उपलब्ध रही, लेकिन सचिवों के पास अन्य समितियों का चार्ज होने की वजह से वितरण नहीं किया गया। इससे किसान खाली हाथ लौट गए।

बाहर फेंकी खतौनी और आधार, सचिव पर आरोप

इटौंजा के भीखमपुर महिंगवा समिति पर सुबह से किसानों का जमावड़ा लगा रहा। घंटों खाद के लिए कतार लगाई। कुछ किसान खाद ले जाते दिखे तो कुछ ने आरोप लगाया कि उनकी खतौनी व आधार की प्रति सचिव द्वारा बाहर फेंक दी गई। जो जमीन पर बंटोरते रहे।

क्षेत्रों में निकले अफसर, बिना पॉस बिक्री पर नोटिस

जिले में खाद की किल्लत पर गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, जिला विकास अधिकारी अजीत कुमार, जिला कृषि अधिकारी तेग बहादुर सिंह, एआर को-आपरेटिव वैशाली सिंह समेत अन्य अधिकारी क्षेत्रों पर निकले। सहकारी समिति और निजी दुकानों का निरीक्षण करके हालात देखे। स्टॉक व बिक्री चेक की। जिला कृषि अधिकारी ने मोहनलालगंज में सहकारी समिति समेसी, नगराम, देवती, परेहटा का निरीक्षण किया गया। समितियों पर टोकन प्रणाली से किसानों को उर्वरक बिक्री करते पाया। बताया कि जनपद में निजी व सहकारिता क्षेत्र में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध है। निरीक्षण में नगराम में राहुल खाद भंडार पर बिना ई-पॉस के खाद बेचते पकड़ा। अभिलेख जांचने पर बिक्री व स्टॉक में अंतर पाया और नोटिस जारी किया। साथ ही अभिलेख जब्त करते हुए बिक्री रोक दी गई।

समितियों पर खाद पर्याप्त है। लेकिन, भीड़ अधिक होने के कारण दिक्कत आ रही है। ऐसी स्थिति में टोकन देकर पुलिस की उपस्थिति में वितरण करा रहे हैं। बफर में 1300 एमटी यूरिया उपलब्ध है। शुक्रवार सुबह तक 1500 एमटी यूरिया और आएगी।
– वैशाली सिंह, एआर-कोऑपरेटिव, लखनऊ

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button