आगराउत्तर प्रदेश

प्रधानमंत्री मोदी को रोकने के लिए विपक्ष एकजुट: दिनेश शर्मा

आगरा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिर आने से रोकने के लिए विपक्षी एकजुट होकर काम कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं को विरोधियों के षडयंत्रों से लड़ते हुए नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए कार्य करना है। ऐसे काम करना है कि पहले से भी ज्यादा बड़े बहुमत से आएं।

महिला बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित करते हुए डाॅ. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि देश का तेज गति से विकास हो रहा है। दुनिया के ताकतवर देश भी यह मानने को मजबूर हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत कोई भी बडा कार्य कर सकने में सक्षम है। अभी हाल ही में अमेरिका की एक संस्था ने भारत के प्रधानमंत्री को दुनिया के सबसे लोकप्रिय व्यक्ति के रूप में चुना है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव में अफवाह फैलाने का काम कर सकता है। असल में विपक्ष में बैठे तमाम दलों के निशान भले ही अलग अलग हैं पर उनका दिल, नीति व सिद्धान्त एक ही है। उनका एक ही लक्ष्य है कि नरेन्द्र मोदी को फिर आने से रोका जाए।

डाॅ. दिनेश शर्मा ने कहा कि पिछली सरकारों के समय में सरकारी संरक्षण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में माफियाओं के भय के कारण शाम से ही माताएं, बहनें घरों में जाने को मजबूर थीं। माफियाओं की ऐसी तूती बोलती थी कि वे खुलेआम सवारी निकाला करते थे और पुलिस वाले भी थाने में छिपने को मजबूर थे। भाजपा की सरकार के आने के बाद माफियाओं के खिलाफ कडी कार्रवाई हुई है। अब अगर होमगार्ड भी डंडा फटकारता है तो माफिया शहर छोडकर भाग जाता है।

जेल से यदि निकल भी गया तो माफिया अपनी छाती पर तख्ती लगाकर योगी बाबा माफ करो की गुहार लगाते हैं। यह बदला हुआ समय माताओं और बहनों के सम्मान के लिए है। यह बदला हुआ समय यूपी में उद्योग लगाने के लिए है। प्रदेश में 33 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं जो एक रिकार्ड है। आने वाले समय में यूपी सर्वोत्तम प्रदेश बनकर देश का नेतृत्व करने जा रहा है। आज पूरे देश में उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का डंका बज रहा है क्योंकि प्रदेश में विकास के नित नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।

आज प्रदेश में कानून के राज के साथ आर्थिक संतुलन स्थापित हुआ है। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री राम शंकर कठेरिया, विधायक धर्मपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा, उच्च शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष मुकुल चतुर्वेदी, भाजपा के जिला अध्यक्ष गिरिराज कुशवाहा व जिला महामंत्री संतोष कटारा आदि उपस्थित रहे।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button