उत्तर प्रदेशगोरखपुर

संवर रहा औद्योगिक गलियारा, आने को है रोजगार की बहार

  • पहले चरण में 440 एकड़ में से 375 एकड़ भूमि क्रय कर चुका है गीडा
  • पेप्सिको की फ्रेंचाइजी को आवंटित हो चुकी है 50 एकड़ भूमि
  • दूसरे चरण में करीब 800 एकड़ भूमि क्रय करेगा गीडा, काश्तकारों से ली जा रही सहमति

गोरखपुर। गोरखपुर को उद्योग जगत के नक्शे पर चमकाने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा अब परवान चढ़ रही है। औद्योगिक प्रगति को नई ऊंचाई देने के लिए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ औद्योगिक गलियारा संवरने लगा है तो रोजगार की बहार भी छाने को बेकरार है। औद्योगिक गलियारे में प्लास्टिक पार्क आकार ले रहा है और पेप्सिको की फ्रेंचाइजी यहां इकाई शुरू करने को भूमिपूजन कराने की तैयारी में है। इस नई यूनिट का भूमि पूजन एवं शिलान्यास 08 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों करने की संभावना जताई जा रही है।

पहले चरण में औद्योगिक गलियारे की स्थापना गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ ग्राम भगवानपुर एवं नरकटहा में लगभग 440 एकड़ भूमि पर हो रही है। इसमें से 375 एकड़ भूमि गीडा (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) द्वारा क्रय की जा चुकी है। इसी क्रय भूमि में से लगभग 50 एकड़ भूमि में मेसर्स वरुण बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड (पेप्सिको की फ्रेंचाइजी) के पक्ष में नई यूनिट की स्थापना के लिए आवंटित की गई है। पेप्सिको की फ्रेंचाइजी के प्रोजेक्ट में लगभग 1100 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर 2000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

यह भी हो रहा है प्रयास

दूसरे चरण में औद्योगिक गलियारे के क्षेत्र को और अधिक बढ़ाने के उद्देश्य से गीडा की तरफ से ग्राम भगवानपुर एवं नरकटहा से लगे हुए तालनवर गांव की भी करीब 800 एकड़ भूमि क्रय किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए कई काश्तकारों द्वारा सहमति पत्र गीडा कार्यालय में प्रस्तुत किए गए हैं। औद्योगिक गलियारे में ही 88 एकड़ में भारत सरकार द्वारा सहायक परियोजना प्लास्टिक पार्क की स्थापना हो रही है। इस परियोजना में मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं जैसे सड़क, नाली, पुलिया, स्ट्रीट लाइट आदि का विकास कार्य प्रारंभ हो चुका है। प्लास्टिक पार्क परियोजना की कुल लागत करीब 70 करोड़ रुपये है। इसमें 92 विभिन्न क्षेत्रफल के भूखंड सृजित कर प्लास्टिक उत्पाद से जुड़े उद्यमियों को आवंटित किए जाएंगे।

हुआ है एमओयू

परियोजना स्थल पर प्लास्टिक उद्योग हेतु कच्चा माल उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से गीडा की की तरफ से गैस अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (गेल) के साथ एक एमओयू किया गया है। इसके अनुसार प्लास्टिक पार्क में स्थापित होने वाली इकाइयों को परियोजना स्थल पर ही कच्चे माल की आपूर्ति गेल द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। ग्राम भगवानपुर एवं नरकटहा औद्योगिक गलियारे एवं प्लास्टिक पार्क में उद्यमियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराए जाने के दृष्टिगत औद्योगिक गलियारे में 132 केवीए का विद्युत केंद्र एवं प्लास्टिक पार्क में 33/11 केवीए विद्युत उप केंद्र की स्थापना का कार्य भी प्रगति पर है।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा

गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि औद्योगिक गलियारा गोरखपुर की नई औद्योगिक पहचान बने, इसी के अनुरूप उसका विकास किया जा रहा है। यहां उद्यमियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके दृष्टिगत तेजी से अवस्थापना विकास के कार्य भी हो रहे हैं।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button