उत्तर प्रदेशलखनऊ

हर पात्र व्यक्ति को दिलाएं सरकार की योजनाओं का लाभ : बीएल संतोष

  • भाजपा को लगातार मिल रहा जनता का समर्थन

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष नेे मंगलवार को पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी सरकार व जनता के बीच सेतु बनकर कार्य करें तथा योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचायें। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन भाजपा को लगातार मिल रहा है। प्रदेश में चाहे लोकसभा, विधानसभा, स्थानीय निकाय या जिला पंचायतों के चुनाव हो, हर चुनाव में भाजपा की जीत जनता द्वारा भाजपा को दिये गए अपार समर्थन का ही परिणाम है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि हम जनअपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिले, इसके लिए कार्य करें।

राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) ने अपने प्रवास के दूसरे दिन पार्टी मुख्यालय पर जिला पंचायत अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहाकि हमारा प्रयास होना चाहिए कि भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं का ठीक से प्रचार-प्रसार हो, ताकि जनता उसका लाभ ले सके। बीएल संतोष ने कहा कि संगठन के विस्तार की प्रक्रिया को अनवरत जारी रखते हुए हमें अपने-अपने दायित्वों का भी निर्वहन करना है। कहा कि जनता ने अपार समर्थन व प्यार हमें दिया है। ऐसे में हमें सम्पर्क व संवाद के माध्यम से आमजनमानस की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना है।

इसके पहले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि मोदी-योगी सरकार द्वारा गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए किये गए कार्यों का ही परिणाम है कि लोकसभा, विधानसभा चुनावों की ही तरह हमें पंचायत चुनाव में भी ऐतिहासिक सफलता मिली। प्रदेश में बड़ी संख्या में हमारे जिला पंचायत अध्यक्ष जीतकर आये। कहाकि हम सबको मिलकर समन्वय, सम्पर्क व संवाद के माध्यम से योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना है। बैठक को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी सम्बोधित किया।

बीएल संतोष का निर्देश फिजूलखर्ची पर लगे रोक, मीडिया से करें तथ्यपरक बातें

भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय पर मीडिया विभाग के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जो काम करेगा वही टीम में रहेगा और निर्देश दिया कि मीडिया में तथ्यपरक बातें ही जानी चाहिए। उन्होंने भाजपा के सभी प्रवक्ताओं, मीडिया प्रभारी व सभी सह मीडिया प्रभारी और सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं को एक साथ बैठाकर उनके द्वारा संचालित गतिविधियों के बारे में पूछताछ की।

बैठक की शुरूआत मीडिया विभाग की कार्यप्रणाली के बारे में पूछताछ से हुई। पूछताछ में यह बात निकलकर आयी कि मीडिया विभाग में चाय ज्यादा बनती है। इस पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने कहा कि अगर ज्यादा खर्च आ रहा है तो चाय बनना बंद होना चाहिए। अगर बहुत आवश्यक हो तो बाहर से मंगाना चाहिए। यह बात अलग है कि भाजपा संस्कृति और संस्कारों की बात करती है। अतिथि देवो भव की अपने देश में मान्यता है फिर भी केन्द्र व राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भाजपा का मीडिया विभाग अतिथि सत्कार भार उठाने में असमर्थ है। अब इसे फिजूलखर्ची रोकने की कवायद समझा जाय या फिर वास्तव में भाजपा पत्रकारों की आवभगत में इतना अधिक खर्च कर रही है कि उसे झेल पाना पार्टी के लिए संभव नहीं है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी चाय पर चर्चा करते हैं लेकिन अब भाजपा के मीडिया विभाग में चाय पर चर्चा पर विराम लग सकता है। अगर राष्ट्रीय संगठन मंत्री के निर्देश पर अमल किया गया तो भाजपा के मीडिया विभाग में पार्टी के फंड से अब पत्रकारों को चाय नहीं मिलेगी। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने कहा कि पार्टी के मीडिया, सोशल मीडिया विभाग की संयुक्त बैठक में मार्गदर्शन करते हुए कहा कि हमें तथ्यपरक ढ़ग से अपनी बात को रखना चाहिए। सभी विषयों पर पार्टी की तरफ से प्रतिक्रिया देना भी जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में त्वरित ढ़ग से सोशल मीडिया पर पार्टी का पक्ष और सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए हमें जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप की संख्या और सक्रियता बढ़ाने का भी निर्देश दिया।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button