उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

नरेंद्र मोदी सरकार में गरीबों के लिए शुरू की गईं योजनाएं : डी पुरंदेश्वरी

  • भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि भविष्य में भी पार्टी को मिलेगा जनता का आशीर्वाद
  • उप्र दौरे पर हैं पुरंदेश्वरी, यूपी की रिपोर्ट तैयार कर केन्द्र को करेंगी प्रस्तुत

लखनऊ। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ऐसे नेता हैं जिन्होंने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया। इसका प्रमाण है कि 2014 में मोदी के नेतृत्व में सरकार आने के बाद से जितनी योजनाएं बनाई गईं, वह अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभान्वित कर रही हैं। हमारी सरकार में परिवारवाद, भ्रष्टाचार नहीं है। कोई अंगुली नहीं उठा सकता। इसीलिए जनता ने आशीर्वाद दिया है। हमे भरोसा है कि भविष्य में भी जनता का आशीर्वाद मिलेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, मंत्री डॉ चंद्रमोहन की मौजूदगी में मंगलवार को यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्रियों का त्रैमासिक दौरा राज्यों का हो रहा है। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन की गतिविधियों और संगठन की प्रगति रिपोर्ट पर बैठक, समीक्षा करते हैं। इसी क्रम में हम उत्तर प्रदेश के दौरे पर आए हैं। हमारी संगठन के साथ बैठक हुई। प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। शीर्ष नेताओं के साथ अलग-अलग बैठक हुई है। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई है। अब हम अयोध्या दौरे पर जाएंगे। उत्तर प्रदेश की पूरी रिपोर्ट तैयार करेंगे और इस रिपोर्ट को हम केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा मनाया है। भाजपा अंत्योदय के आधार पर काम कर रही है। अंत्योदय का मतलब कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी लाभ हो। हमारी सरकार का नारा सबका साथ सबका विकास है। 2014 में जब से मोदी सरकार आई है, तब से जितनी भी योजनाएं शुरू की गई हैं, उन्हें अगर आप देखेंगे तो वह गरीबों को ध्यान में रखकर लाई गयीं। यह इसलिए है क्योंकि हमारी पार्टी की सरकार सेवा भाव के साथ कार्य करती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना की चुनौतियों को अवसर में बदला है। मोदी सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान राहत ही नहीं पहुंचाई, बल्कि उनका इलाज कराया और कोरोना वैक्सीन का निर्माण कराया। आज हम 100 से अधिक देशों को कोरोना वैक्सीन का निर्यात कर रहे हैं। हमारी सरकारों में परिवारवाद नहीं है। एक भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। नरेंद्र मोदी सरकार पर कोई उंगली नहीं उठा सकता है।

डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि भाजपा सरकार से पहले प्रदेश में की स्थिति का आकलन करेंगे तो स्थितियां स्पष्ट हो जाएंगी। पहले उत्तर प्रदेश में एक बार जिसकी सरकार आती थी, दोबारा नहीं आती थी। उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार ने अच्छा काम किया। इसलिए हम दोबारा सत्ता में आए हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे हो या पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया। पहले की सरकारों में शाम को 6:00 बजे के बाद से महिलाएं बाहर निकलने से डरती थीं।

बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाजपा को इसलिए वोट किया क्योंकि अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और वह निर्भीकता से किसी भी वक्त बाहर निकल सकती हैं। अपना काम कर सकती हैं। उत्तर प्रदेश में तेजी से इन्वेस्टमेंट आ रहा है। करीब तीन लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने सकारात्मक माहौल खड़ा किया है। इसलिए निवेश आ रहा है।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में पारदर्शी तरीके से भर्ती करके पांच लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। जिस प्रकार से हमारी सरकार काम कर रही है और जनता का आशीर्वाद मिला है, मुझे पूरा भरोसा है कि प्रदेश की जनता का आगे भी आशीर्वाद मिलेगा।

संगठन और सरकार में बेहतर तालमेल

प्रदेश सरकार और संगठन में सामंजस्य के सवाल पर भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि सरकार और संगठन में बेहतर तालमेल है। सरकार अच्छे से सरकार कार्य कर रही है। इसे आगे भी कैसे बरकरार रखा जाए, इसकी चिंता की गई है। नगर निगम चुनाव के दौरान नेताओं के परिजनों को टिकट दिए जाने के सवाल पर कहा कि हमारी पार्टी की इसको लेकर नीति स्पष्ट है। उसी नीति के हिसाब से संगठन टिकट देगा और हम चुनाव में जीतेंगे।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button