सीतापुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्राली, मुंडन संस्कार से लौट रहे छह लोगों की मौत, सात घायल

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में धनतेरस के पावन पर्व पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. यह भीषण हादसा पिसावां के पिहानी मार्ग पर शुक्रवार शाम कोल्हाघाट पुल के पास हुआ, जहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्राली सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हरदोई के रायपुर मठिया से मुंडन कराकर लौट रहे थे ग्रामीण
ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार सभी लोग सीतापुर के बरिगांवा गांव के रहने वाले थे. यह सभी लोग हरदोई जिले के रायपुर मठिया में एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराने गए थे. अनुष्ठान पूरा होने के बाद वे सभी ट्रैक्टर-ट्राली से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई. इस हृदयविदारक घटना के कारण धनतेरस के दिन पीड़ित परिवारों और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।
पुलिस और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है. वहीं, हादसे के बाद सड़क पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात को सुचारू कराया गया. पुलिस अधिकारियों द्वारा मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।


