उत्तर प्रदेशकौशांबीलखनऊ

प्रयागराज महाकुंभ जाने वाली सैकड़ों बसे रोकी गईं, लखनऊ से प्रयागराज बस संचालन ठप, कौशांबी में वाहन रुकवाए जा रहे

लखनऊ/कौशांबी: मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में करोड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी है. यहां पर भगदड़ होने के बाद एहतियातन उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से जाने वाली बसों को सीमाओं पर ही रोक दिया है. प्रयागराज के लिए फिलहाल बसों का संचालन अभी नहीं किया जा रहा है. आलमबाग बस स्टेशन पर भी प्रयागराज जाने वाली बसें रोक दी गई हैं. इसके अलावा जो बसें लखनऊ से प्रयागराज के लिए रवाना की गई थीं उन्हें भी रायबरेली और बछरावां में रोक दिया गया है. प्रयागराज में पार्किंग फुल हो गई है इस वजह से वहां पर बसों के खड़े होने की जगह ही नहीं बची है. यही कारण है कि रोडवेज ने अब प्रयागराज के लिए सैकड़ों बसों का संचालन फिलहाल बंद कर दिया है. वहीं, यूपी के कई रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ है. कई जगह स्टेशनों के बाहर भी काफी भीड़भाड़ है. वहीं, कौशांबी में वाहनों को रुकवाया जा रहा है. वाहनों को 5 जगह पार्किंग में खड़ा करवाया जा रहा है ताकि महाकुंभ की भीड़ कम होने के बाद इन वाहनों को रवाना कराया जा सके.

रेलवे की बात की जाए तो उत्तर रेलवे की तरफ से अभी प्रयागराज के सभी स्टेशनों से ट्रेनों का आवागमन जारी है. हालांकि रेलवे के अन्य जोन ने कुछ ट्रेनों के संचालन पर रोक लगाई है. कुंभ स्पेशल ट्रेनों को प्रयागराज नहीं भेजने का फैसला लिया है. इसकी सूची कुछ देर में रेलवे की तरफ से जारी की जाएगी.

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक व प्रवक्ता अजीत सिंह ने जानकारी दी है कि प्रदेश के अधिकतर जिलों से प्रयागराज जाने वाली बसों को अब सीमा पर ही रोका जा रहा है. उन्हें प्रयागराज नहीं भेजा जा रहा है, क्योंकि वहां पर भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई है. सभी पार्किंग फुल हो गई हैं. उन्होंने बताया कि लखनऊ से जो बसें प्रयागराज के लिए जा रही थीं उन्हें रायबरेली में रोका गया है.

पांच दर्जन से ज्यादा बसें रायबरेली सीमा पर खड़ी हैं. इसके अलावा अब बसों को लखनऊ से प्रयागराज रोड पर नहीं भेजा जा रहा है. इसी तरह बनारस, आगरा और अन्य जगहों से जो भी बसें प्रयागराज के लिए संचालित होती हैं, उन्हें भी अब प्रयागराज के लिए फिलहाल नहीं भेजा जा रहा है. स्थिति नियंत्रित होने पर और पार्किंग में स्पेस होने के बाद ही बसों को महाकुंभ के लिए भेजा जाएगा. अभी जाम बहुत ज्यादा लगा है इसलिए बसों का संचालन होना संभव नहीं है. उन्होंने बताया कि प्रयागराज में पहले से ही परिवहन निगम की 800 से 900 बसें संचालित हो रही हैं. इसके अलावा शटल बस सेवाओं का भी संचालन हो रहा है, लेकिन प्रदेश के विभिन्न जिलों से अब प्रयागराज के लिए बसें फिलहाल नहीं भेजी जा रही हैं.

कौशांबी में वाहन रोके गएः कौशांबी में जिला प्रशासन ने हाइवे समेत 5 अलग-अलग स्थानों में बैरिकेडिंग करके वाहनों को रोकना शुरू कर दिया है. वाहनों के लिए पार्किंग बनाई गई है. सीओ ट्रैफिक ने बताया कि भीड़ को देखते हुए पार्किंग स्थल पर वाहनों को पार्क करवाया जा रहा है. कोखराज थाना के करीब वाहनों को रोक दिया गया है. इसके अलावा वाहनों को अलग-अलग रूट से भेजा जा रहा है ताकि महाकुंभ में भीड़ कम होने के बाद ही इन वाहनों को रवाना किया जा सके.

रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़: वहीं, प्रयागराज में महाकुंभ स्नान के चलते कई रेलवे स्टेशनों पर भीड़ उमड़ पड़ी है. वहीं, उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि फिलहाल अभी उत्तर रेलवे की तरफ से कुंभ स्पेशल ट्रेनें हों या फिर प्रयागराज जाने वाली अन्य ट्रेनें, सभी का संचालन सुचारु रूप से जारी है. क्राउड मैनेजमेंट की रेलवे स्टेशन पर पूरी व्यवस्था की गई है. प्रयागराज में संगम स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को ट्रेनों से उतारकर उनके लिए बनाए गए रास्ते से भेजा जा रहा है. इसके अलावा जो स्नान करने के बाद ट्रेन पकड़ने आ रहे हैं उनके लिए भी ट्रेनें मौजूद हैं. वेरीकेडिंग कर उन्हें इस रूट से वापस भेजा जा रहा है जिससे कोई दिक्कत न होने पाए. फिलहाल, अभी उत्तर रेलवे की तरफ से प्रयागराज जाने वाली कोई ट्रेन कैंसिल नहीं की गई है.

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button