उत्तर प्रदेशबाँदा

 बैंडबाजा और डीजे की धुन के बीच धूमधाम से निकली शोभायात्रा

सती मां जावित्री के परमधाम जारी में आयोजित हुआ भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह

बांदा। डीजे और बैंडबाज की धुन के बीच सती मां जावित्री के परमधाम जारी गांव में निकाली गई विशाल शोभायात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आगाज किया गया। कथा वाचक भागवत रत्न नवलेश जी महराज ने पहले दिन श्रीमद् भागवत का महात्म्य सुनाया। कहा कि भागवत कथा के सुनने मात्र से जीव का कल्याण होता है। कथा वाचक ने श्रीमद् भागवत कथा में दिए गए संदेश को अपने जीवन में उतारकर मनुष्यता को धन्य बनाने की नसीहत दी।
गुरुवार को सती मां जावित्री के परमधाम जारी गांव में वरिष्ठ पत्रकार समाजसेवी हरदेव त्रिपाठी के आवास महासती धाम में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कथा शुभारंभ से पहले कथा वाचक भागवत रत्न नवलेश दीक्षित की अगुवाई में विशाल कलश यात्रा निकाली गई और क्षेत्रवासियों समेत सभी देवी-देवताओं को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित किया गया। शोभा यात्रा कथा स्थल से शुरू होकर सती मां जावित्री मंदिर पहुंंची, जहां सती माता की विधिवत पूजा अर्चना की गई। बता दें कि सती मां जावित्री कथा आयोजक परिवार से जुड़ी हुई हैं। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद शोभा यात्रा गांव का भ्रमण करते हुए वापस कथा स्थल पर समाप्त हुई। जहां कथा वाचक श्री दीक्षित ने पहले दिन की कथा में श्रीमद् भागवत कथा का महात्म्य बताया और सभी को भागवत कथा सुनकर जीवन में उतारने की नसीहत दी। कहा कि भागवत कथा सुनने मात्र से मनुष्य जीवन रूपी भवसागर से पार उतर सकता है। शोभा यात्रा में करीब एक सैकड़ा महिलाएं अपने सिर पर कलश लेकर आगे चल रही थीं। शोभा यात्रा में जहां डीजे और बैंड पर भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु महिला-पुरुषों ने जमकर ठुमके लगाए, वहीं शोभा यात्रा में शामिल करीब आधा दर्जन घोड़ों का नृत्य आकर्षण का केंद्र बना रहा। शोभायात्रा में ब्लाक प्रमुख बड़ोखर स्वर्ण सिंह सोनू, कथा परीक्षित उमाकांती, ओमप्रकाश त्रिपाठी, संतोष त्रिपाठी, श्रीकांत त्रिपाठी, आशीष त्रिपाठी, मनीष त्रिपाठी, सुनील तिवारी, आलोक त्रिपाठी, निर्मल तिवारी, अभिमन्यु सिंह समेत तमाम श्रद्धालु महिला पुरुष शामिल रहे।

24 को होगा विशाल भंडारा का आयोजन
कथा आयोजक वरिष्ठ पत्रकार समाजसेवी हरदेव त्रिपाठी ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा का क्रम गुरुवार से शुरू होकर 22 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से कथा वाचक भागवत रत्न नवलेश जी महराज के श्रीमुख से कथा रस का प्रवाह किया जाएगा। बताया कि 23 अक्टूबर को हवन पूजन और 24 अक्टूबर को विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने आसपास के क्षेत्र के लोगों को भागवत कथा रसपान और भंडारा का प्रसाद ग्रहण करने को आमंत्रित किया है।
निशा शर्मा ब्यूरो प्रमुख
दैनिक पब्लिक की लहर

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button