उत्तर प्रदेशदेवरियाबड़ी खबरसियासत-ए-यूपी

कांग्रेस ने राम जन्मभूमि का मामला अटकाया तो सपा ने रामभक्तों पर चलाई थीं गोलियां: देवरिया में विपक्षियों पर बरसे जेपी नड्डा

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को देवरिया में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी केवल सत्ता में बैठने के लिए नहीं आई। विधायक हमारा माध्यम है, इनके माध्यम से और आपके आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश और देश की तकदीर और तस्वीर बदलने के लिए हम आए हैं।

रामभक्तों पर सपा ने चलाई थीं गोलियां

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जय श्रीराम का नारा सदियों से हम लगा रहे हैं। सदियों से अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाने की हमारी इच्छा थी। सपा ने भक्तों पर गोलियां चलाई थीं। कांग्रेस ने राम जन्मभूमि का मामला अटकाया-भटकाया। जब आपने भाजपा को जिताया, उसके बाद ही कोर्ट ने भव्य राम मंदिर के पक्ष में फैसला सुनाया।

उन्होंने कहा कि भारत के 156 कानून जम्मू कश्मीर में लागू नहीं होते थे, दलितों को आरक्षण नहीं मिलता था, भृष्टाचार उन्मूलन का कानून लागू नहीं होता था। वहां महिलाओं और बच्चों के उत्पीड़न पर कोई कानून नहीं था। आपकी ताकत और मोदी जी की इच्छाशक्ति से जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कर दिया गया।

इसी बीच जेपी नड्डा ने तीन तलाक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाने की बात कही थी। लेकिन किसी में इसकी ताकत नहीं थी, सब तुष्टिकरण की राजनीति में दबे हुए थे। आपने भाजपा की सरकार बनाई और प्रधानमंत्री मोदी जी की इच्छा शक्ति के कारण ही तीन तलाक के खिलाफ कानून बना। उन्होंने कहा कि 13वीं सदी की इस प्रथा को रद्द करने की इच्छाशक्ति केवल मोदीजी में थी।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले भी दीपावली आती थी लेकिन अयोध्या में दीपोत्सव क्यों नहीं मनता था। पहले भी कुंभ होता था, लेकिन ये भव्य और दिव्य कुंभ क्यों नहीं होता था। पहले भी जन्माष्टमी आती थी, लेकिन मथुरा क्यों नहीं सजता था। पहले देव दीपावली पर वाराणसी क्यों नहीं सजता था।

सपा प्रमुख को निशाने पर लेते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि अखिलेश जी कहते थे कि उत्तर प्रदेश में बिजली लाना कोई आसान काम नहीं है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा था कि हम बिजली पहुंचाकर दिखाएं। 2014 से पहले देश में करीब 2.5 करोड़ घरों में बिजली नहीं थी। मोदी सरकार ने 1,000 दिनों में 2.5 करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई है। अब योगी जी ने तय किया है कि अब दोबारा से हमारी सरकार बनने के बाद दीपावली और होली पर उत्तर प्रदेश की माताओं और बहनों को एक एक सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा।

यूपी में हैं 59 मेडिकल कॉलेज

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी बन रही है। आयुष की मेडिकल यूनिवर्सिटी भी यहीं बन रही है। 2 एम्स यहां आ गए हैं। देवरिया में भी मेडिकल कॉलेज बन चुका है। 5 साल में उत्तर प्रदेश में 10 नए विश्वविद्यालय, 78 कॉलेज खुले, 28 इंजीनियरिंग कॉलेज खुले हैं। पहले यूपी में 15 मेडिकल कॉलेज थे, अब 59 मेडिकल कॉलेज हैं। ये किसी प्रदेश में सबसे ज्यादा मेडिकल कॉलेज हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में 2 एम्स भी खुले हैं।

इस साल दी जाएंगी 60 लाख नौकरियां

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस साल के बजट में मोदी जी ने युवाओं को 60 लाख नौकरियां एक वर्ष में देने का तय किया है। 25 हजार किमी सड़क एक साल में बनेगी, 20 हजार करोड़ रुपये इस पर खर्च होगा। पीएम आवास योजना के तहत एक वर्ष में 80 लाख नए घर बनेंगे। 3.80 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया जाएगा।

दंगों का जिक्र करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि सपा शासन में उत्तर प्रदेश में माफिया-बाहुबली दन-दनाते थे। लेकिन अखिलेश जी ने आंखों में पट्टी बांध रखी थी। योगी जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद माफिया-बाहुबली जेल में बंद हैं। अखिलेश जी के शासन में यूपी में करीब 200 दंगे हुए। पिछले 5 साल में यूपी में एक भी दंगा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी के समय में मुजफ्फरनगर दंगा हुआ, 93 लोग मारे गए और 5 हजार लोग घर छोड़कर भाग गए थे। 60 परिवारों ने कैराना से पलायन किया। लेकिन आज सब वापस आकर फिर से बस गए हैं। फर्क साफ है- सोच ईमानदार है, नेता दमदार और काम असरदार है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button