देश

भाजपा को हिमाचल में हार का डर, इसलिए सत्येंद्र जैन को किया गया गिरफ्तार : आम आदमी पार्टी

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के चुनाव प्रभारी और दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का कहना है कि हिमाचल में भाजपा बुरी तरह से हार रही है, इसीलिए उनको गिरफ्तार किया गया है, ताकि वो हिमाचल न जा सकें। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन कुछ दिनों में छूट जाएंगे, क्योंकि यह केस बिल्कुल फर्जी है। जैन के खिलाफ आठ साल से एक फर्जी केस चलाया जा रहा है। अभी तक कई बार ईडी बुला चुकी है। बीच में कई साल ईडी ने बुलाना भी बंद कर दिया था, क्योंकि उन्हें कुछ मिला ही नहीं। अब फिर शुरू कर दिया, क्योंकि सत्येंद्र जैन हिमाचल के इलेक्शन इंचार्ज हैं।

वहीं, आप के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार का आरोप है कि सत्येंद्र जैन ने 2015 से 2017 के बीच इन कंपनियों में हवाला का काम किया, जबकि सच यह है कि मार्च 2013 में जैन ने इन सभी कंपनियों से इस्तीफा दे दिया था और 2015-2017 के दौरान उनका इन कंपनियों से कोई लेना-देना नहीं था। 2015-2017 के दौरान जो लोग इन कंपनियों के मालिक थे, उन्होंने कोर्ट में अपना जुर्म कबूल कर लिया है कि यह सारा पैसा उनका है। कोर्ट ने इस बात को स्वीकार भी कर लिया है। 2018 में ईडी ने सात बार सत्येंद्र जैन को समन किया, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। 2019 से आज तक ईडी ने कोई कार्रवाई नहीं की, ऐसा लगा कि केस बंद हो गया। अब हिमाचल चुनाव के पहले फिर से केस खोल दिया। भाजपा हिमाचल में चुनाव हार रही है और इसी कारण से सत्येंद्र जैन की एक फर्जी व बेबुनियाद मामले में गिरफ्तारी की गई है।

संजय सिंह ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि ईडी ने दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन को आठ साल पुराने एक फर्जी केस में गिरफ्तार किया है। जिस मामले में एक नहीं, दो नहीं, बल्कि सात बार वो ईडी के सामने पेश हो चुके हैं। कभी ईडी को उनकी गिरफ्तारी की जरूरत नहीं महसूस हुई। कभी उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई। इसी मामले से जोड़कर सीबीआई ने भी एक मामला दर्ज किया था, जिसमें सीबीआई ने कहा कि उनके पास कोई साक्ष्य नहीं है। सीबीआई ने सत्येंद्र जैन को क्लीन चिट दिया, लेकिन जैसे ही सत्येंद्र जैन हिमाचल प्रदेश के इंचार्ज बनाए जाते हैं, वैसे ही भारतीय जनता पार्टी के पेट में दर्द शुरू हो जाता है। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल में चुनाव हार रही है और इसी के कारण से सत्येंद्र जैन की एक फर्जी बेबुनियाद मामले में गिरफ्तारी की गई है। ऐसे मामले में, जिसमें सीबीआई की क्लीन चिट मिल चुकी है। आय से अधिक संपत्ति का मामला है।

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आप सभी ने देखा होगा कि उस समय भी कितनी बड़ी-बडी बातें भाजपाई चिल्ला-चिल्लाकर कर रहे थे। जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का एक बार फिर से यह मामला सामने आया है। जल्द ही सत्येंद्र जैन छूट कर बाहर आएंगे, क्योंकि यह एक बेबुनियाद फर्जी निराधार केस है। इसके साथ-साथ मैं यह भी कहना चाहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी ऐसे एक नहीं अनेक हथकंडे अपनाएगी, अपना ले। आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश का चुनाव मजबूती से लड़ेगी। भाजपा हिमाचल प्रदेश में हार रही है और यह उसकी बौखलाहट है और उसी की वजह से यह गिरफ्तारी की गई है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button