IND vs NAM: ईशान किशन ने 20 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर रचा इतिहास, T20 वर्ल्ड कप में बन गए इस मामले में पहले भारतीय

Ishan Kishan Record: भारत और नामीबिया की टीम के बीच में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी है, जिसमें विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के बल्ले से एक ऐसी शानदार पारी देखने को मिली, जिसके दम पर वह एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने में कामयाब हो गए। ईशान किशन ने नामीबिया के खिलाफ इस मैच में सिर्फ 24 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 64 रनों की रिकॉर्ड पारी खेली और इसमें उन्होंने अपनी फिफ्टी सिर्फ 20 गेंदों में पूरी कर ली थी।
ईशान किशन टी20 वर्ल्ड कप में फिफ्टी लगाने वाले बने पहले भारतीय विकेटकीपर
भारतीय टीम की तरफ से इस मुकाबले से पहले टी20 वर्ल्ड कप में कोई भी विकेटकीपर बल्लेबाज अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब नहीं हो सका था। ईशान किशन जो नामीबिया के खिलाफ मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेल रहे हैं, वह अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत की तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में फिफ्टी लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। ईशान किशन से पहले टीम इंडिया की तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में सर्वाधिक निजी रनों की पारी का रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम पर था जो 45 रनों की थी। अब ईशान किशन ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है। वहीं ईशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय खिलाड़ी के रूप में संयुक्त रूप से तीसरी सबसे तेज फिफ्टी लगाई है।
टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय विकेटकीपर के रूप में सर्वाधिक रनों की पारी
- ईशान किशन – 64 रन
- एमएस धोनी – 45 रन
- ऋषभ पंत – 42 रन
भारत की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज फिफ्टी
- युवराज सिंह – 12 गेंद (बनाम इंग्लैंड, साल 2007)
- केएल राहुल – 18 गेंद (बनाम स्कॉटलैंड, साल 2021)
- रोहित शर्मा – 19 गेंद (बनाम ऑस्ट्रेलिया, साल 2024)
- युवराज सिंह – 20 गेंद (बनाम ऑस्ट्रेलिया, साल 2007)
- ईशान किशन – 20 गेंद (बनाम नामीबिया, साल 2026)
ईशान किशन ने रोहित के खास क्लब में की एंट्री
नामीबिया के खिलाफ मैच में ईशान किशन ने अपनी फिफ्टी पावरप्ले के अंदर ही पूरी कर ली थी, जिसके साथ ही वह अब टी20 वर्ल्ड में रोहित शर्मा और केएल राहुल के बाद तीसरे ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं जो पावरप्ले में फिफ्टी पूरी करने में कामयाब हो सके हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में पावरप्ले में फिफ्टी पूरी करने वाले भारतीय खिलाड़ी
- रोहित शर्मा – 51 रन (21 गेंद, बनाम ऑस्ट्रेलिया, साल 2024)
- केएल राहुल – 50 रन (19 गेंद, बनाम स्कॉटलैंड, साल 2021)
- ईशान किशन – 50 रन (20 गेंद बनाम नामीबिया, साल 2026)



