देशबड़ी खबर

PM मोदी की मां का कांग्रेस ने बनाया AI वीडियो, भाजपा ने की माफी की मांग

नई दिल्ली। शुक्रवार सुबह बिहार कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया एक्स हैंडल से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) द्वारा बनाए गए एक वीडियो के प्रसार के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। इस वीडियो में कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां का अपमान किया गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की मां का बार-बार और जानबूझकर अपमान न तो देश और न ही बिहार की जनता बर्दाश्त करेगी। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने जवाब में कहा कि वीडियो में दिवंगत मां के प्रति कोई अनादर नहीं है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर कोई अपमानजनक शब्द या इशारा हो, तो उसे दिखाया जाए। दूसरी ओर, भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी बेशर्मी की हद तक पहुंच गई है। पहले उनके मंच से प्रधानमंत्री की मां को अपशब्द कहे गए, और अब एआई वीडियो के जरिए उनका अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी मां, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, उनके बारे में इस तरह का वीडियो बनाना अत्यंत निंदनीय है। हुसैन ने चेतावनी दी कि बिहार और देश की जनता इस अपमान का जवाब देगी।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस अब गांधी की पार्टी नहीं, बल्कि अपमान और गालियों की पार्टी बन गई है। उन्होंने इस वीडियो को प्रधानमंत्री की मां के प्रति एक और अपमान बताया। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री की मां का अपमान कर रही है। उन्होंने इसे असंवेदनशील और घृणित करार देते हुए कहा कि बिहार की जनता इंडिया गठबंधन को इसके लिए सबक सिखाएगी। भंडारी ने कांग्रेस पर गरीबों और महिलाओं के प्रति नफरत का आरोप भी लगाया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस कृत्य को निंदनीय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की मां सभी की मां के समान हैं, और देश इस अपमान को सहन नहीं करेगा। भाजपा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने इसे राजनीति का नया निम्न स्तर करार दिया।

जेडीयू ने भी कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि पितृ पक्ष में इस तरह का वीडियो बनाना पितरों का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस को मानसिक दुराग्रह से ग्रस्त बताते हुए कहा कि सीता की धरती बिहार मां-बेटियों के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि पहले कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री की दिवंगत मां को गालियां दी गईं, और अब इस वीडियो के जरिए उनका अपमान किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button