बड़ी खबर

पंजाब में सभी 13 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी AAP, सीएम मान ने दिया बड़ा बयान

होशियारपुर: वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में करीब 6 महीने से ज्यादा का वक्त बचा है लेकिन विपक्षी गठबंधन इंडिया में दरार साफ नजर आ रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह विश्वास जताया है कि आगामी लोकसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि वे आम लोगों से बातचीत के बाद इस नतीजे पर पहुंचे हैं। उन्होंने होशियारपुर में 867 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद यह बात की। इस अवसर पर ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे।

हम चंडीगढ़ सीट भी जीतेंगे-मान

मान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा-‘‘मैं पैसे देकर कराये गये सर्वेक्षणों के बारे में बात नहीं कर रहा हूं। मैं गांवों और शहरों के लोगों, दुकानदारों, मजदूरों और व्यापारियों से बात करता हूं। मैं आज कहता हूं कि आने वाले लोकसभा चुनाव में ‘आप’ के पक्ष में 13-0 सीटें होंगी। हम चंडीगढ़ सीट भी जीतेंगे।’’ केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी है।

मैंने कहा था कि बादल, मजीठिया, सिद्धू हारेंगे-मान

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि ‘आप’ ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान स्पष्ट रूप से कहा था कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल, बिक्रम सिंह मजीठिया और कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू हार जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे अपनी-अपनी सीटों से चुनाव हार गये। मान ने शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने की चुनौती भी दी। मान का यह बयान सुखबीर बादल द्वारा उन्हें कानूनी नोटिस भेजने के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्हें बादल परिवार के खिलाफ ‘‘दुर्भावनापूर्ण’’ आरोप लगाने के लिए पांच दिन के भीतर बिना शर्त माफी मांगने या मानहानि के मुकदमे का सामना करने के लिए कहा गया था।

पारंपरिक राजनीतिक दलों ने राज्य को बर्बाद किया-मान

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि एक नवंबर को लुधियाना में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में एक बहस के दौरान सुखबीर बादल ने उनसे माफी मांगने या बादल परिवार को बदनाम करने के लिए मामले का सामना करने के लिए कहा था। उन्होंने कहा, ‘‘आप (मेरे खिलाफ) मामला दर्ज करें। मैं उनके गलत कृत्यों का पर्दाफाश करूंगा।’’ मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पारंपरिक राजनीतिक दलों ने राज्य को ‘‘बर्बाद’’ कर दिया है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक पार्टियां उनसे ईर्ष्या करती हैं क्योंकि वह एक सामान्य परिवार से हैं और लोगों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं का हमेशा से मानना रहा है कि उन्हें पंजाब पर शासन करने का दैवीय अधिकार है और इस कारण वे यह पचा नहीं पा रहे हैं कि एक आम आदमी राज्य को कुशलतापूर्वक चला रहा है।

मान ने पीएम मोदी पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान लोगों को ‘‘मूर्ख’’ बनाया है। मान ने याद दिलाया कि मोदी ने हर व्यक्ति के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा कराने का वादा किया था और कहा कि लेकिन अभी तक पैसा जमा नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने आजादी के बाद से लोगों को मूर्ख बनाया है। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने जनता की भलाई के लिए कोई काम नहीं किया है और केवल सत्ता का आनंद उठाया है। मान ने कहा कि लोग इन पार्टियों को उनके गलत कृत्यों के लिए कभी माफ नहीं करेंगे और आगामी लोकसभा चुनावों में उन्हें करारा सबक सिखाएंगे। (इनपुट-भाषा)

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button