लखनऊ में भिड़ेंगे LSG और राजस्थान रॉयल्स, इकाना में 22 अप्रैल को महामुकाबला

आईपीएल के रोमांचक मुकाबलों के बीच लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और राजस्थान रॉयल्स की टीमें सोमवार को लखनऊ पहुंचेंगी। दोनों टीमों के बीच 22 अप्रैल को इकाना स्टेडियम में हाई वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। आयोजन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, दोनों टीमें मंगलवार शाम को इकाना स्टेडियम में संयुक्त अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी।
एलएसजी के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि टीम अभी तक अपने घरेलू मैदान पर जीत का खाता नहीं खोल सकी है। 1 अप्रैल को खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने एलएसजी को छह विकेट से हराया था, जबकि 12 अप्रैल को गुजरात टाइटंस ने सात विकेट से मात दी थी। ऐसे में एलएसजी इस बार घरेलू दर्शकों के सामने शानदार प्रदर्शन कर जीत हासिल करने के इरादे से उतरेगी। वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम भी इस मुकाबले को हल्के में नहीं लेगी।
टीम फिलहाल अंक तालिका में तीसरे स्थान पर काबिज है और उसके खाते में चार जीत दर्ज हैं। हालांकि, पिछले दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है, जिससे टीम जीत की लय में लौटने के लिए बेताब है। टीम के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। इकाना स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम होने के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी जबरदस्त रोमांच लेकर आएगा।



