उत्तर प्रदेशलखनऊ

अखिलेश यादव नीतीश कुमार को बताया भाजपा का चुनावी दूल्हा कहा- BJP उन्हें नहीं बनाएगी मुख्यमंत्री

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘‘चुनावी दूल्हा’’ बताया और दावा किया कि भाजपा चुनाव के बाद उन्हें मुख्यमंत्री पद पर नहीं रखेगी।

गाजीपुर में अखिलेश यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘नीतीश कुमार निश्चित रूप से भाजपा के चुनावी दूल्हा हैं, लेकिन (मुख्यमंत्री के) पद के लिए वह ‘दूल्हा’ नहीं हैं।’’ अखिलेश यादव सपा विधायक अंकित भारती की शादी से जुड़े समारोह में शामिल होने के लिए गाजीपुर पहुंचे थे। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बिहार बदलाव चाहता है और खुशी व तरक्की की ओर बढ़ना चाहता है।

उन्होंने कहा, ‘‘एक बेहतर और खुशहाल भविष्य के लिए बिहार बदलाव मांग रहा है। भाजपा एक साजिश के तहत नीतीश कुमार का इस्तेमाल कर रही है। ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन उन्हें प्रधानमंत्री का चेहरा बना रहा था, लेकिन आज वह सिर्फ (विधानसभा) चुनाव के लिए एक चेहरा हैं।’’

सपा अध्यक्ष उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको फिर से बता रहा हूं, बिहार के जागरूक लोग सब समझते हैं। यहां तक कि विपक्षी मंच से भी नेता कह रहे हैं कि नीतीश कुमार को सिर्फ चुनावी मकसद से लाया गया है।’’ अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा चुनाव के बाद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘आप पूछ सकते हैं कि मैं यह किस आधार पर कह रहा हूं — देखिए महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में क्या हुआ। जिन्हें चुनाव से पहले चेहरा बनाया गया था, वे बाद में मुख्यमंत्री नहीं बने। बिहार में भी ऐसा ही होगा।’’ बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होंगे, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button