देशबड़ी खबर

Bihar Election : चुनाव आयोग का ऐलान- 6 और 11 नवंबर होंगे बिहार में मतदान, जानिए कब आएगा परिणाम

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आगामी छह नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा तथा मतगणना 14 नवंबर होगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। कुमार ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पहले चरण में 121 और दूसरे चरण में 122 सीट के लिए मतदान होगा। बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीट हैं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने यह भी बताया कि चुनाव के लिए अधिसूचना 10 अक्टूबर को जारी होगी, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर को होगी, 18 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 20 अक्टूबर तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के लिए अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर को होगी, 21 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 23 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

उनके अनुसार, राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 7.42 करोड़ है, जिनमें पुरुष मतदाता 3.92 करोड़ और महिला मतदाता 3.50 करोड़ हैं। कुमार ने बताया कि 14 लाख मतदाता बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार मतदान कर सकेंगे।

बिहार की वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है। राजनीतिक दलों ने निर्वाचन आयोग से अक्टूबर के अंत में छठ पर्व के तुरंत बाद चुनाव कराने का आग्रह किया था, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके, क्योंकि बड़ी संख्या में राज्य के बाहर काम करने वाले लोग उस दौरान त्योहारों के लिए घर लौटते हैं।

राज्य में वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव कोविड-19 महामारी की पृष्ठभूमि में तीन चरणों में हुए थे। कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि किसी का नाम छूट गया है, तो नामांकन की तिथि से 10 दिन पहले तक अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

कुमार ने कहा, ‘‘ इस बार बिहार विधानसभा चुनाव न केवल मतदाताओं के लिए बहुत ही सुगम और सरल होंगे, न केवल कानून व्यवस्था पर पूर्ण निगरानी रखी जाएगी, बल्कि पूर्ण पारदर्शी तरीके से होने वाले ये चुनाव सबसे अच्छे चुनाव परिलक्षित हों, ऐसी आयोग की मंशा है।’’ उन्होंने कहा कि आयोग सभी राजनीतिक दलों और सभी लोगों से सहयोग की उम्मीद करता है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाए। कुमार ने कहा कि फर्जी खबरों और दुष्प्रचार पर आयोग की तरफ से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा, ‘‘17 नई पहल की जा रही हैं, जो बिहार से शुरू होकर पूरे देश में लागू होंगी। इसे एक ऐतिहासिक कदम माना जाएगा।’’

बिहार विधानसभा चुनाव : AAP ने जारी की पहली सूची 

आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को बिहार में विधानसभा की सभी 243 सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की। पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए राज्य की राजनीति में औपचारिक रूप से प्रवेश किया। ‘आप’ के बिहार प्रभारी अजेश यादव ने पटना में संवाददाताओं से कहा कि पार्टी दिल्ली और पंजाब में अपनी सरकार और विकास के मॉडल को बिहार में दोहराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

पहली सूची में जिन उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं उनमें बेगूसराय से मीरा सिंह, पूर्णिया जिले की कसबा विधानसभा सीट से भानु भारतीय, पटना की फुलवारी सीट से अरुण कुमार रजक, बांकीपुर सीट से पंकज कुमार, मोतिहारी की गोविंदगंज सीट से अशोक कुमार सिंह और बक्सर सीट से सेवानिवृत्त कैप्टन धर्मराज सिंह शामिल हैं। राज्य के सह प्रभारी अभिनव राय ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी राजनीतिक गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी।

उन्होंने कहा, “हमारा गठबंधन बिहार की जनता के साथ है। हम किसी दल या मोर्चे से समझौता नहीं करेंगे।” यादव ने दिल्ली व पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की उपलब्धियों का उल्लेख किया।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button