देशबड़ी खबर

कटक में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसा, VHP विहिप ने किया बंद का आह्वान, सीएम माझी ने की शांति की अपील

कटक। दो दिन पहले दुर्गा मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान हुई झड़प से जुड़ी हिंसा की ताजा घटनाओं के बाद रविवार को कटक में तनाव बना रहा। वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने नागरिकों से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने का आग्रह किया।

माझी और पटनायक की यह अपील विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा जिला प्रशासन के आदेश की अवहेलना करते हुए शाम को मोटरसाइकिल रैली आयोजित करने के बाद आयी। मौजूदा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर, राज्य सरकार ने गलत सूचना के प्रसार को रोकने के लिए कटक नगर निगम, कटक विकास प्राधिकरण (सीडीए) और आसपास के 42 मौजा क्षेत्र में रविवार शाम 7 बजे से सोमवार शाम 7 बजे तक इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया।

अधिकारियों के अनुसार, पुलिस द्वारा जुलूस रोकने के बाद मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए गए और गौरीशंकर पार्क क्षेत्र की दुकानों में कथित तौर पर आग लगा दी गई। रैली शहर के पूर्वी बाहरी इलाके में स्थित विद्याधरपुर से शुरू होकर दरगाह बाजार इलाके सहित प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरी, जो शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि को हुई हिंसा का केंद्र था और शहर के पश्चिमी छोर पर सीडीए के सेक्टर 11 में समाप्त हुई।

रैली में शामिल व्यक्तियों को शहर में घूमते हुए ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते सुना गया। शांति की अपील करते हुए, माझी ने यह भी कहा कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान में माझी ने उपद्रव पर दुख जताया और नागरिकों से सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘कटक एक हजार साल पुराना शहर है जो अपने भाईचारे के लिए जाना जाता है। कुछ उपद्रवियों की हरकतों के कारण हाल के दिनों में शहर की शांति भंग हुई है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखे हुए है और उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पटनायक ने भी कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जतायी और कहा कि ओडिशा की प्रतिष्ठा एक शांतिप्रिय राज्य की है। बाराबती-कटक से कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस ने कहा कि वह इस घटनाक्रम से “दुखी और चिंतित” हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा शहर एकता और परंपरा का जीवंत उदाहरण है – जहां 500 से अधिक सालों से दुर्गा पूजा मनाई जाती रही है। जिन व्यक्तियों की पहचान इस एकता को तोड़ने की कोशिश करने वालों के तौर पर सीसीटीवी, ड्रोन और मोबाइल फुटेज के जरिये हुई है उन्हें कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए।’’इस बीच, विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने दुर्गा मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान हुई झड़प के विरोध में छह अक्टूबर को शहर में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है।

पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात 1.30 से दो बजे के बीच दरगाह बाजार क्षेत्र में हाथी पोखरी के पास झड़प उस समय हुई, जब विसर्जन यात्रा कथाजोड़ी नदी के तट पर देबीगारा की ओर बढ़ रही थी। अधिकारियों के अनुसार, हिंसा तब भड़की जब कुछ स्थानीय लोगों ने विसर्जन यात्रा के दौरान तेज आवाज में संगीत बजाने पर आपत्ति जतायी।

अधिकारियों के अनुसार बहस जल्द ही टकराव में बदल गई जब भीड़ ने विसर्जन यात्रा पर छतों से पत्थर और कांच की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं, जिससे कटक के डीसीपी खिलाड़ी ऋषिकेश ज्ञानदेव सहित कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button