बड़ी खबरविदेश

Nepal Gen-Z protest Live: नेपाल में युवाओं के भयंकर बवाल के बीच पीएम केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा, छाया सियासी संकट

काठमांडू। नेपाल में बड़े पैमाने पर हो रहे उग्र प्रदर्शनों को देखते हुए प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मंगलवार को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। नेपाली मीडिया के अनुसार प्रधानमंत्री कार्यालय ने उनके त्यागपत्र की पुष्टि की है। देश में भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने के खिलाफ सोमवार को कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे।

प्रदर्शनकारी कई स्थानों पर उग्र हो गए और उन्होंने आगजनी, तोड़फोड़ और पथराव किया। पुलिस की कार्रवाई में कल 20 लोगों की मौत हो गई थी और 350 लोग घायल हो गए थे। इससे पहले गृहमंत्री रमेश लेखक ने सोमवार को गोलीबारी की घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। इसके अलावा तीन और मंत्रियों ने आज पद से इस्तीफा दे दिया था। PM ओली ने आज सुबह घोषणा की थी कि शाम को सर्वदलीय बैठक बुलाई जायेगी। प्रदर्शनकारी PM ओली के इस्तीफे की मांग को लेकर आज सड़कों पर उतर आये थे। इसके बाद श्री ओली ने इस्तीफा दे दिया। प्रदर्शन का सिलसिला आज भी जारी है और बड़ी संख्या में लोग संसद भवन में घुस गए और आगजनी की। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के निजी आवासों को भी निशाना बनाया और आगजनी की।

राष्ट्रपति समेत कई मंत्रियों के घरों में आगजनी

नेपाल में जारी तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाओं के बीच मंगलवार को प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के बोहोराटार स्थित आवास में जबरन घुस गये और वहां जमकर तोड़फोड़ की। स्थानीय मीडिया ने कहा है कि देश के अन्य बड़े नेताओं के घरों पर भी प्रदर्शनकारियों द्वारा हमले किये गये हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी सेंटर) के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल के खुमालतार स्थित आवास पर भी पथराव किया है।

काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने उपप्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री बिष्णु पौडेल के भैसपति स्थित आवास पर भी पथराव किया। ललितपुर में प्रदर्शनकारियों ने संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग के घर में आग लगा दी। सोमवार को पद से इस्तीफा देने वाले पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक के घर पर भी हमला किया गया। प्रदर्शनकारी पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा के बुधनीलकांठा स्थित आवास तक पहुँचे लेकिन हमला करने से पहले ही उन्हें रोक दिया गया। नेपाल राष्ट्र बैंक के गवर्नर बिस्वो पौडेल के भैसपति स्थित आवास पर भी पथराव किया गया।

नेपाल में फंसे भारत के हजारों टूरिस्ट

भारत के 3500 से 4000 तक टूरिस्ट नेपाल में फंसे। ये लोग लुंबिनी,सूपड़ा देवराली,प्रभुनाथ, मुक्तिनाथ, पशुपतिनाथ दर्शन के अलावा पोखरा और काठमांडू घूमने गए थे। नेपाल के हालात खराब होने के बाद किसी भी टूरिस्ट को बाहर निकलने से मना कर दिया गया है। काठमांडू घाटी के बड़े होटलों पर पुलिस का पहरा है। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा काठमांडू पूरी तरह बंद कर दिया गया। भारत नेपाल सीमा के बार्डर भी बंद कर दिए गए हैं। भारत से नेपाल प्रवेश पूरी तरह बंद है वहीं नेपाल से भारत आने वाले टूरिस्टों के वाहन जगह जगह पुलिस सुरक्षा में रोक दिए गए हैं। भारत के अलावा अन्य देशों के करीब 15 हजार टूरिस्ट भी नेपाल के विभिन्न हिस्सों में फंसे हैं। सबसे ज्यादा टूरिस्ट काठमांडू में फंसे हुए हैं।

नेपाल के घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रहा भारत: विदेश मंत्रालय 

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम नेपाल के घटनाक्रम पर कल से ही करीब से नजर रख रहे हैं और इतने सारे नौजवानों की जान जाने से हमें गहरा दुख हुआ है।’’ मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम दिवंगतों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’ विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘एक करीबी मित्र और पड़ोसी होने के नाते, हम उम्मीद करते हैं कि सभी पक्ष संयम बरतेंगे और शांतिपूर्ण तरीकों व बातचीत के जरिए किसी भी मुद्दे का समाधान करेंगे।’’ बयान में कहा गया, ‘‘यह भी संज्ञान में आया है कि अधिकारियों ने काठमांडू और नेपाल के कई अन्य शहरों में कर्फ्यू लगा दिया है। नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें और नेपाली अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों और नियमों का पालन करें।’’

प्रधानमंत्री ओली ने सर्वदलीय आपात बैठक बुलाई

नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने आज शाम 6 बजे सभी राजनीतिक दलों की एक आपात बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा, “मैं मौजूदा परिस्थितियों का जायजा लेने और प्रभावी समाधान तलाशने के लिए सभी संबंधित पक्षों से चर्चा कर रहा हूं। इसी क्रम में आज शाम 6 बजे सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई है। मैं सभी नागरिकों से इस चुनौतीपूर्ण समय में शांति और संयम बनाए रखने की अपील करता हूं।”

पीएम ओली ने उप-प्रधानमंत्री को सौंपी देश कि जिम्मेदारी

नेपाल में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री ओली ने देश की जिम्मेदारी उप-प्रधानमंत्री को सौंप दी है। युवा वर्ग, खासकर जनरेशन-जेड, ओली सरकार को हटाने की मांग पर अडिग है। उनकी मांग है कि नेपाल में एक अंतरिम सरकार का गठन किया जाए। ऐसे कयास भी लगाए जा रहे हैं कि पीएम ओली देश छोड़कर दुबई जा सकते हैं।

नेपाल के कृषि मंत्री ने दिया इस्तीफा

नेपाल के कृषि एवं पशुपालन विकास मंत्री रामनाथ अधिकारी ने मंगलवार (9 सितंबर) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। द काठमांडू पोस्ट के अनुसार, नेपाली कांग्रेस के विधायक अधिकारी ने अपने इस्तीफे में लिखा कि सरकार ने सोमवार को जनरेशन-जेड के प्रदर्शनों के दौरान दमनकारी रवैया अपनाया। उन्होंने कहा कि नागरिकों के शांतिपूर्ण विरोध और लोकतांत्रिक अधिकारों को स्वीकार करने के बजाय, सरकार ने हिंसा, हत्या और बल प्रयोग का सहारा लिया। अधिकारी ने कहा कि ऐसी हिंसक नीतियों के बीच वह सत्ता में नहीं रह सकते, जबकि सरकार को उस युवा पीढ़ी के साथ सहयोग करना चाहिए, जो देश के विकास का आधार है।

PL News

PL News has a very strong and dedicated team of journalist, writers and content makers. This media house has proud to have eminent journalists on its board. Besides, PL News also have a team of efficient, young and dynamic budding journalists. What makes PL News unique is that it is established, run and administered by professional and highly dedicated journalists only.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button